अमृतसर में एक शख्स ने तोड़ी बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा, जमकर मचा बवाल

Ambedkar Statue in Amritsar: पंजाब के अमृतसर में गणतंत्र दिवस के दिन एक शख्स ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ने की कोशिश की। शख्स माल्यार्पण के लिए लगाई गई सीढ़ी पर चढ़ गया। इसके बाद उसने 24 सेकेंड में हथौड़े से 8 बार वार किए, जिससे प्रतिमा खंडित हो गई। इसके अलावा उसने प्रतिमा के पास रखी संविधान की मूर्ति को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान मोगा के धर्मकोट के रहने वाले आकाशदीप के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- UCC लागू करने वाला पहला राज्य बना उत्तराखंड, CM धामी ने कहा- अब सभी को मिलेगा समान अधिकार
अमृतसर के कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया की आरोपी दलित समाज से आता है, जिससे पूछताछ जारी है। इधर, सोमवार को दलित समाज की ओर से अमृतसर बंद का आह्वान किया गया है, जिसके तहत भंडारी पुल को लोगों ने बंद कर रखा है। दुकानदारों ने भी घटना का विरोध करते हुए वॉल सिटी मार्केट बंद रखी है। हालांकि स्कूल और कॉलेज खुले हैं। धूना साहिब के महंत मलकियत नाथ, महंत गिरधारी लाल, संत बाबा बलवंत नाथ और अलग-अलग एससी समाज के संगठनों के लोगों ने भंडारी पुल पर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। (Ambedkar Statue in Amritsar)

समाज के लोगों ने मांग की है कि मामले की CBI जांच करवाई जाए, ताकि सच जनता के सामने लाया जा सके। मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस घटना के लिए किसी को भी माफ नहीं किया जाएगा। आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलेगी। पंजाब के भाईचारे और एकता को तोड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन को इसकी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पंजाब के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे पंजाब सरकार की विफलता बताया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफा मांगा है। (Ambedkar Statue in Amritsar)

नेता प्रतिपक्ष बाजवा ने पूरे मामले की जांच सिटिंग जज से करवाने को कहा है। उन्होंने कहा कि हमें और किसी भी एजेंसी पर विश्वास नहीं है। यहां से कुछ ही दूरी पर श्री हरमंदिर साहिब है और यहीं पास में ही थाना बना हुआ है। ऐसी हरकतें पूरे विश्व में शर्मिंदगी का कारण बनती हैं। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि 26 जनवरी जैसे दिन, संविधान के निर्माता बाबा साहेब की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की गई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पंजाब में पहले ही कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। अमृतसर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि सरकार को बताना चाहिए कि ये युवक कहां से आया है? प्रतिमा की कई दिनों से सफाई नहीं हुई है। हमने दूध और लस्सी के साथ प्रतिमा को साफ किया है। अभी भी दाग साफ नहीं हुए हैं। सरकार ने प्रतिमा का ख्याल नहीं रखा। सिटिंग जज से मामले की जांच करनी चाहिए। (Ambedkar Statue in Amritsar)
बिल्कुल निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी: कमिश्नर
अमृतसर के कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस की तरफ से इस मामले में FIR दर्ज की जा चुकी है। केस में सख्त से सख्त धाराएं लगाई गई है। आरोपी के पास से मोबाइल भी मिला है, जिसकी साइंटिफिक जांच की जा रही है। सारी चीजों पर काम किया जा रहा है। बिल्कुल निष्पक्ष तरीके से जांच की जाएगी। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अमृतसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कृत्य हमारे संविधान और समानता के मूल्यों पर हमला है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पंजाब सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। (Ambedkar Statue in Amritsar)
भाजपा नेता विजय सांपला ने मांगा स्पष्टीकरण
भाजपा नेता विजय सांपला ने कहा कि हरमंदिर साहिब के गलियारे में डॉ. अंबेडकर की मूर्ति का अपमान करना अत्यंत निंदनीय है। ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ये घटना दरबार साहिब के गलियारे में हुई है, इसलिए SGPC और अकाल तख्त के जत्थेदार को इस मुद्दे पर अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए। शिरोमणि अकाली दल के सीनियर नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि यह एक शर्मनाक घटना है और इसने दुनिया भर में लाखों भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में अराजकता को उजागर किया है। (Ambedkar Statue in Amritsar)
अंबेडकर की मूर्ति को तोड़कर बेअदबी: गुरजीत
उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि यह घटना शहर के सबसे व्यस्त स्थान पर हुई। गणतंत्र दिवस को लेकर यहां सुरक्षा व्यवस्था सबसे ज्यादा रहती है। अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा- कुछ शरारती लोगों ने अमृतसर में बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी की मूर्ति को तोड़कर बेअदबी की है। मैं इस घटना की सख्त शब्दों में निंदा करता हूं। सरकार से मांग करता हूं कि बेअदबी करने वाले व्यक्ति पर सख्त एक्शन लिया जाए। ऐसे लोगों को बिल्कुल पता नहीं है कि बाबा भीमराव अंबेडकर जी की हमारे समाज को देन क्या है? बता दें कि घटना को लेकर राजनीति तेज हो गई है। (Ambedkar Statue in Amritsar)



