डरा-धमकाकर और लोगों को भयभीत करके चुनाव नहीं जीते जाते: भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा
BJP on Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल के बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अन्ना हजारे के आंदोलन की उपज हैं। उन्होंने कई कसमें खाई थीं कि सत्ता में आने के बाद वो कोई सुरक्षा नहीं लेंगे, सरकारी गाड़ी नहीं लेंगे, सरकारी बंगले में नहीं रहेंगे। उनकी लोकप्रियता घट गई है इसलिए हताशा में वो लगातार झूठ बोल रहे हैं। इस बार दिल्ली में भाजपा की बहुमत के साथ सरकार बन रही है। इनको झूठ बोलने की आदत है और दिल्ली की जनता यह समझ चुकी है और लोग समझ चुके हैं कि जब डबल इंजन की सरकार होगी तभी दिल्ली में ज्यादा विकास के काम होंगे।
यह भी पढ़ें:- यमुना नदी के पानी को लेकर घिरे पूर्व CM केजरीवाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री करेंगे मानहानि केस !
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार परवेश वर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने पानी में जहर मिलाया है। यह बहुत बड़ा अपराध है, चुनाव आयोग को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनका नामांकन रद्द किया जाना चाहिए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हरियाणा सरकार पर या जिस हरियाणा पर आज ये दोष लगा रहे हैं, अरविंद केजरीवाल भूल जाते हैं कि वो उसी हरियाणा की धरती पर पैदा हुए हैं, उसी धरती ने आपको जन्म दिया है। डरा-धमकाकर और लोगों को भयभीत करके चुनाव नहीं जीते जाते। उन्होंने यमुना को साफ नहीं किया, उन्होंने गंदा पानी दिया है। अपने झूठ और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए वो दोष हरियाणा सरकार पर डाल रहे हैं। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को झूठे आरोप लगाने और भागने की आदत है और अब तो केजरीवाल ने हद कर दी है, इतने संगीन आरोप वो भी बिना आधार के खुद दिल्ली जल बोर्ड के CEO ने इन आरोपों का खंडन किया है। लोग देख रहे हैं कि केजरीवाल राजनीति में कितना नीचे गिर गए हैं। (BJP on Arvind Kejriwal)
केजरीवाल झूठी बयानबाजी कर रहे: चुघ
चुघ ने कहा कि अब दिल्ली की जनता ने ठाना है, अरविंद केजरीवाल और आपदा से छुटकारा पाना है इसलिए अरविंद केजरीवाल झूठी बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि मुझे विश्वास नहीं हो पा रहा है कि इतने सालों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद अरविंद केजरीवाल ऐसा बयान दे सकते हैं। एक राज्य का मुख्यमंत्री दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री से कह रहे हैं कि पानी में जहर मिलाकर दिल्ली के लोगों को मारने की साजिश हो रही है। अरविंद केजरीवाल को एहसास हो रहा है कि वो नई दिल्ली से हार रहे हैं। उन्हें पता है कि मनीष सिसोदिया, आतिशी, ये सब हार रहे हैं। AAP सरकार नहीं बना रही है और यही वजह है कि अरविंद केजरीवाल के चेहरे और उनके बयानों में बौखलाहट साफ दिख रही है। पात्रा ने कहा कि जब भारत ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी, तब अरविंद केजरीवाल भारत से सबूत मांग रहे थे और आज वो कह रहे हैं कि भारत का एक राज्य दूसरे राज्य पर ज़हरीला हमला कर रहा है, ये कैसा बयान है? अरविंद केजरीवाल को हरियाणा की जनता से माफी मांगनी चाहिए। (BJP on Arvind Kejriwal)
कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कसा तंज
हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी को लेकर अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को बताना चाहिए कि पानी में किस तरह का जहर था… वे झूठ बोल रहे हैं और फिर भी खुलेआम घूम रहे हैं। अगर कोई आम आदमी सरकार पर नरसंहार का आरोप लगाता है, तो वह अगले ही दिन जेल में होगा। मुझे आश्चर्य है कि हरियाणा पुलिस या दिल्ली पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। चुनाव आयोग कहां है? मुझे लगता है कि या तो दोनों पार्टियों आप और भाजपा के बीच कोई अंदरूनी गठबंधन है या फिर इन संस्थाओं को ऐसे मुद्दों की चिंता नहीं है, भले ही लोग घबरा जाएं। दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। या तो अरविंद केजरीवाल जो कह रहे हैं वह सच है – तो उन्हें सबूत पेश करने चाहिए और अगर नहीं तो उनके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। (BJP on Arvind Kejriwal)



