Google Analytics —— Meta Pixel

केजरीवाल ईमानदारी का चोला ओढ़कर आए और सबसे बड़ा शराब घोटाला कर दिया: सांसद राहुल गांधी

Rahul Gandhi on Kejriwal: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली के पटपड़गंज और ओखला में विशाल जनसभा को संबोधित किया। पटपड़गंज में राहुल गांधी ने कहा कि केजरीवाल आए थे तो छोटी सी गाड़ी थी। केजरीवाल ने कहा था कि नए तरह की राजनीति करूंगा, बिजली के पोल पर चढ़ गए थे, लेकिन जब गरीबों को जरूरत पड़ी तो कहीं नहीं दिखे। जब दिल्ली में हिंसा हुई तो कहीं नहीं दिखे। कहा था साफ राजनीति करूंगा और सबसे बड़ा शराब घोटाला कर दिया। आपने केजरीवाल जी के घर की तस्वीर भी देख ली, वे ‘शीशमहल’ में रहते हैं। देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ BJP-RSS के लोग हैं, जो देश में नफरत और हिंसा फैलाते हैं।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस पार्टी हमेशा सनातन धर्म का अपमान करती है: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी और हमारी विचारधारा है। हम लोग ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोलते हैं। हमें नफरत, डर और हिंसा वाला हिंदुस्तान नहीं चाहिए। हमें मोहब्बत की दुकान चाहिए। मीडिया के लोग कभी भी महंगाई, बेरोजगारी, प्रदूषण और टूटी सड़कों के बारे में नहीं दिखाते। वे नरेंद्र मोदी का चेहरा और अंबानी की शादी दिखाते हैं। पटपड़गंज विधानसभा से पहले मनीष सिसोदिया कैंडिडेट थे, जो शराब घोटाले के आर्किटेक्ट थे। वो पटपड़गंज से डरकर भाग गए, अच्छी बात है। आप लोग अनिल चौधरी का पूरा समर्थन कीजिए, उन्हें भारी बहुमत से जिताइए। आज लड़ाई बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की रक्षा की है, क्योंकि BJP ने कहा था कि 400 पार हुआ तो संविधान बदल देंगे। फिर मोहन भागवत ने कहा कि हमें 15 अगस्त 1947 को आजादी नहीं मिली। उनकी ये बात हमारे संविधान का अपमान है। (Rahul Gandhi on Kejriwal)

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि राम मंदिर के कार्यक्रम में देश के अंबानी-अडानी जैसे अरबपति दिखे, लेकिन राम मंदिर के कार्यक्रम में हमारी आदिवासी राष्ट्रपति को नहीं जाने दिया गया। नई संसद के उद्घाटन में भी राष्ट्रपति को नहीं जाने दिया गया। नरेंद्र मोदी अरबपतियों का हिंदुस्तान चाहते हैं, जबकि संविधान कहता है कि हर नागरिक समान हैं। संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि किसी एक अरबपति के हाथ में देश की सारी संपत्ति होनी चाहिए। इनका लक्ष्य केवल डर फैलाने का है। नरेंद्र मोदी हिंदुस्तान का धन अरबपतियों के हवाले करना चाहते हैं। वो आपको लड़ाकर आपका धन अरबपतियों को देना चाहते हैं। कंपनियां भले ही अडानी की हैं, लेकिन कंट्रोल नरेंद्र मोदी करते हैं। (Rahul Gandhi on Kejriwal)

 

राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी से केजरीवाल कांप जाते हैं। केजरीवाल अपने बारे में कहते हैं कि मैं ईमानदार हूं। ये खुद को ही सर्टिफिकेट दे रहे हैं, जनता से नहीं पूछ रहे। जो बेईमान होता है, वही अपने आपको सर्टिफिकेट देता है। केजरीवाल ने कहा था कि नए तरीके की राजनीति करूंगा, लेकिन आज दिल्ली में सांस नहीं ली जा रही, प्रदूषण बढ़ता जा रहा है, साफ पानी नहीं मिलता, रोजगार नहीं मिलता, शराब घोटाला किया गया है। ये केजरीवाल जी की राजनीति है। आपने शीला दीक्षित का काम देखा होगा। उन्होंने यहां इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर पूरी दिल्ली को बदल दिया था। अब आपने केजरीवाल के 10 साल देख लिए। केजरीवाल लंबे-लंबे भाषण देते हैं, भ्रष्टाचार करते हैं, बस जनता के लिए काम नहीं करते। (Rahul Gandhi on Kejriwal)

राहुल ने कहा कि पहले ओखला इंडस्ट्रियल सेंटर हुआ करता था। यहां पर छोटे बिजनेस और इंडस्ट्री हुआ करती थीं- अब वह कहां गई ? मोदी और केजरीवाल ने मिलकर छोटे बिजनेस-इंडस्ट्री को खत्म कर दिया। नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी, गलत GST लागू करके छोटे व्यापारियों को खत्म किया और अडानी-अंबानी जैसे अरबपतियों के लिए रास्ता खोलने का काम किया। हम अडानी-अंबानी वाला हिंदुस्तान नहीं चाहते हैं। हमें भाईचारे, एकता वाला हिंदुस्तान चाहिए। हम चाहते हैं कि देश का हर व्यक्ति सपना देखे और उसे पूरा करे, जहां हमारी सरकार है, वहां हम गरीबों के लिए काम करते हैं। हम नरेंद्र मोदी से नहीं डरते हैं। लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी के लंबे-लंबे भाषण होते थे, 400 पार की बात करते थे, लेकिन चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी को संविधान माथे से लगाना पड़ा। (Rahul Gandhi on Kejriwal)

हम विचारधारा और संविधान के लिए लड़ते हैं: राहुल

उन्होंने कहा कि हम विचारधारा और संविधान के लिए लड़ते हैं। हमारे लिए देश का हर नागरिक एक समान है। सभी के बीच मोहब्बत, एकता और भाईचारा होना चाहिए- ये हमारी सोच है। हमें डर और नफरत का हिंदुस्तान नहीं चाहिए। हम नफरत का हिंदुस्तान नहीं होने देंगे। इस हिंदुस्तान में कोई नहीं डरेगा। न गरीब डरेंगे, न अल्पसंख्यक डरेंगे, न दलित डरेंगे, न आदिवासी डरेंगे और न किसान डरेंगे। नरेंद्र मोदी जहां भी डर फैलाने की कोशिश करेंगे, हम उनके सामने ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलेंगे। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों के लिए काम करती है। जहां भी हमारी सरकार है, वहां हम किसानों का कर्ज माफ करते हैं। हम कर्नाटक और तेलंगाना में महिलाओं को फ्री बस टिकट देते हैं। हर महीने महिलाओं के बैंक अकाउंट में कांग्रेस पार्टी की सरकार पैसा डालती है, जहां भी हमारी सरकार बनती है, हम गरीबों की मदद करते हैं, उनकी रक्षा करते हैं- यही हमारी विचारधारा है। यही काम हम दिल्ली में करने जा रहे हैं। (Rahul Gandhi on Kejriwal)

Back to top button
error: Content is protected !!