Mahakumbh Stampede: भगदड़ की घटना के बाद योगी सरकार का बड़ा फैसला, मेला क्षेत्र नो व्हीकल जोन घोषित, VVIP पास भी किए गए रद्द

Mahakumbh Stampede: उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ मेले में मची भगदड़ के बाद पांच मुख्य बदलाव किए हैं। महाकुंभ नगर को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है यानि किसी भी तरह के वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर पवित्र स्नान के लिए मेला क्षेत्र में करोड़ों श्रद्धालुओं के उमड़ने के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए। घटना को लेकर सरकार ने बताया कि संगम तट पर पहुंचने की कोशिश में श्रद्धालुओं के बैरिकेड्स को धक्का दिए जाने के कारण भगदड़ मची।
योगी सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 25-25 लाख मुआवजे की भी घोषणा की है। इस बीच भगदड़ की घटना के बाद योगी सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं। महाकुंभ में सभी VVIP पास रद्द कर दिए गए हैं। मेला क्षेत्र में आने-जाने वाली सभी गाड़ियों पर भी प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। महाकुंभ मेला क्षेत्र में नो-व्हीकल जोन लागू कर दिया गया है।
महाकुंभ में सभी VVIP पास रद्द
महाकुंभ में हुई भगदड़ (Mahakumbh Stampede) की घटना के बाद सुरक्षा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बड़े बदलाव किए गए हैं। 4 फरवरी तक मेला परिसर में कोई भी गाड़ियां नहीं चलेगी। प्रयागराज शहर में भी दूसरे जिले से आने वाले सभी 4 पहिया गाड़ियों की एंट्री बैन कर दी गई है। मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन लागू कर दिया गया है। तमाम रास्तों को वन-वे कर दिया गया है। एक रास्ते से श्रद्धालुओं की एंट्री होगी तो दूसरी रास्ते से उन्हें बाहर भेजा जाएगा। शहर के अंदर और मेला क्षेत्र में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और नगर निगम के वाहन चलेंगे।
घटना की न्यायिक जांच के आदेश
बता दें कि महाकुंभ भगदड़ (Mahakumbh Stampede) पर DIG वैभव कृष्ण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मौत के आधिकारिक आंकड़े जारी किए। 30 लोगों की मौत की पुष्टि की गई। इसके बाद सीएम योगी ने भी इस पर बयान दिया। हादसे पर बोलते हुए CM योगी भावुक होने लगे और उनका गला भर आया। उन्होंने इस दौरान हादसे की जांच कराने और मृतकों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि घटना हमारे लिए सबक हैं। आने वाले जो स्नान होंगे, उनको लेकर समीक्षा की जाएगी।



