Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़: राहुल गांधी का रायपुर आना तय: 3 फरवरी को नवा रायपुर में सेवाग्राम का भूमिपूजन करेंगे

रायपुर : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 3 फरवरी को रायपुर आ रहे हैं। वे नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल से महात्मा गांधी के वर्धा आश्रम की तर्ज पर विकसित हो रहे सेवाग्राम का भूमिपूजन करेंगे। उसके बाद साइंस कॉलेज मैदान में वे सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की पहली किश्त भी जारी करने वाले हैं।

राज्य सरकार की ओर से कुछ दिन पहले राहुल गांधी को कार्यक्रम का आधिकारिक आमंत्रण भेजा गया था। अधिकारियों ने शनिवार को बताया, राहुल गांधी ने आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। उनके कार्यालय से इसका संदेश मिल चुका है। अब अधिकारी जोर-शोर से कार्यक्रम की तैयारी में जुट गए हैं।

इसे भी पढ़े:मत हों परेशान! जानिए एयरटेल, जियो और वीआई के बेहतरीन डेटा बूस्टर प्लान

राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की पहली किश्त 26 जनवरी को जारी करने की तैयारी थी। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य की शादी तय हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछली बार दिल्ली गए तो उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात कर विवाह समारोह में आमंत्रित किया था। बताया जा रहा है, उसी दौरान राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की भी चर्चा हुई। उस समय मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी से इस योजना की शुरुआत का आग्रह किया था और राहुल ने इस पर सैद्धांतिक सहमति दे दी थी। चैतन्य की शादी 6 फरवरी को है, ऐसे में अभी यह साफ नहीं है कि उसमें राहुल आएंगे या नहीं।

दो अलग-अलग समारोह :

अधिकारियों ने बताया, राहुल गांधी दो अलग-अलग समारोह में भाग लेंगे। सेवाग्राम के भूमिपूजन का कार्यक्रम नवा रायपुर में होना है। इसके लिए राज्योत्सव स्थल पर तैयारी की जा रही है। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभाग विकास योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी आयोजन करने वाले हैं। वहीं राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना की शुरुआत के लिए साइंस कॉलेज मैदान में मंच सजेगा।

अमर जवान ज्योति की नींव रखेंगे :

राहुल गांधी अमर जवान ज्योति की नींव भी रखेंगे। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी बटालियन के माना स्थित मुख्यालय में अमर जवान ज्योति बनेगी। इसे सरकार शहीद जवानों के स्मृति केंद्र के तौर पर बनाएगी। इस पर शहीद जवानों के नामों की पट्टिका भी लगी होगी।

उसी दिन वापस लौट जाएंगे राहुल :

पांच राज्यों में चुनाव अभियान के बीच आयोजित इन कार्यक्रमों के लिए राहुल गांधी का दौरा बहुत छोटा होने वाला है। बताया जा रहा है, राहुल गांधी सुबह पहुंचेंगे। दोनों कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे सरकार के कामकाज और संगठन की बाबत भी बातचीत कर सकते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर जाने का भी कार्यक्रम है। कार्यक्रम समाप्त हो जाने के बाद वे उसी दिन वापस दिल्ली लौट जाएंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!