मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू, मुख्यमंत्री बीरेन ने 9 फरवरी को दिया था इस्तीफा

President Rule in Manipur: मणिपुर में 2023 से जारी हिंसा के बीच केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया है। बता दें कि मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने 9 फरवरी को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा गवर्नर को सौंपा था। दरअसल, प्रदेश में 21 महीने यानी 3 मई 2023 से जारी जातीय हिंसा के चलते 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके चलते बीरेन सिंह पर इस्तीफे का काफी दबाव था। विपक्षी पार्टियां भी लगातार NDA से इस मुद्दे को लेकर सवाल पूछ रही थी।
यह भी पढ़ें:- महाकुंभ में कई मुख्यमंत्री, मंत्री और केंद्रीय मंत्रियों ने लगाई डुबकी, श्रद्धालुओं का आंकड़ा 49 करोड़ 14 लाख के पार
बता दें कि दिसंबर 2024 में मणिपुर के CM बीरेन सिंह ने प्रदेश में हुई हिंसा को लेकर माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि पूरा साल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। इसका मुझे बहुत दुख है। 3 मई 2023 से लेकर आज तक जो कुछ भी हो रहा है, उसके लिए मैं राज्य के लोगों से माफी मांगता हूं। बीरेन सिंह ने कहा था कि कई लोगों ने अपने प्रियजन को खो दिया। कई लोगों ने अपना घर छोड़ दिया। मुझे वास्तव में खेद है। मैं माफी मांगना चाहता हूं। मणिपुर में मई 2023 से कुकी-मैतेई समुदाय के बीच हिंसा जारी है। मैतेई-कुकी समुदाय के बीच भड़की हिंसा को 600 से ज्यादा दिन बीत चुके हैं। (President Rule in Manipur)

बीरेन ने बताया था कि मणिपुर में मई 2023 से अक्टूबर 2023 तक गोलीबारी की 408 घटनाएं दर्ज की गई। नवंबर 2023 से अप्रैल 2024 तक 345 घटनाएं हुई। मई 2024 से अब तक 112 घटनाएं सामने आई है। हालांकि राज्य में पिछले महीने से शांति है। हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है। लोग प्रदर्शन के लिए सड़कों पर नहीं उतरे। सरकारी ऑफिस रोज खुल रहे हैं और स्कूल में बच्चों की तादाद बढ़ रही है। 3 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर हिंसा को लेकर सुनवाई की थी। साथ ही राज्य सरकार को कई निर्देश दिए थे। (President Rule in Manipur)



