Raipur News : 60 लाख की डकैती में करीबी निकला मास्टरमाइंड, 10 गिरफ्तार, 59.50 लाख बरामद

Raipur News : रायपुर में हुए 60 लाख की डकैती कांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पीड़ित परिवार का ही एक करीबी इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने इस मामले में 36 घंटे के भीतर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लगभग पूरी लूटी गई रकम बरामद कर ली।
पारिवारिक विवाद बना डकैती की वजह
आईजी अमरेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस डकैती की योजना पारिवारिक पैसों के बंटवारे को लेकर बनाई गई थी। पीड़ित परिवार के एक सदस्य की बहन ने रिटायर्ड सूबेदार के साथ मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- Rajim Kumbh Mela : राजिम कुंभ मेला में साहू समाज द्वारा नि:शुल्क भंडारे का हुआ भव्य शुभारंभ
इस वारदात को 10 लोगों ने मिलकर अंजाम दिया, जिनमें से दो नागपुर, बिलासपुर, नांदगांव और दुर्ग के रहने वाले थे। इनमें से 5 आरोपी रेकी करने और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने में शामिल थे। वारदात के महज 5-6 घंटे बाद ही पैसों का बंटवारा कर लिया गया था, लेकिन पुलिस को मिली अहम लीड के आधार पर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जमीन बेचने के पैसों को बनाया निशाना
वेल्लू परिवार, जो आठ भाई-बहनों का संयुक्त परिवार है, ने हाल ही में अपनी पुश्तैनी जमीन बेची थी। इस सौदे के बाद मिले 60 लाख रुपये घर में ही सुरक्षित रखे गए थे। पारिवारिक विवाद और आपसी नाराजगी के कारण ही करीबियों पर पुलिस का शक गहराया और जांच का दायरा उनके इर्द-गिर्द सिमट गया।
डकैती की वारदात कैसे दिया अंजाम?
यह सनसनीखेज डकैती रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अनुपम नगर में हुई। घटना नगरीय निकाय चुनाव के दिन दिनदहाड़े 20 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। डकैत कमांडो ड्रेस में पहुंचे और घर में मौजूद बुजुर्गों को पिस्टल दिखाकर बंधक बना लिया। डराने के लिए नकली इंजेक्शन का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि हल्ला मचाने पर घर को बम से उड़ा देंगे।
CCTV फुटेज में पांच डकैत, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, साफ दिखाई दिए। इन्होंने 71 वर्षीय प्रेमा वेल्लू, 67 वर्षीय रजनी वेल्लू और 70 वर्षीय मनोहर वेल्लू को बंधक बनाया। ये तीनों भाई-बहन साथ रहते हैं और अविवाहित हैं।
डकैतों ने पलंग के नीचे छुपाकर रखे गए 60 लाख रुपये लूट लिए, साथ ही अलमारी से गहने भी समेट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बुजुर्गों को कमरे में बंद कर दिया। पीड़ितों ने किसी तरह घर के पिछले रास्ते से निकलकर पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
तेजी से सुलझाया पुलिस ने मामला
इस मामले में पुलिस ने करीबियों पर संदेह जताते हुए जांच शुरू की और परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की। उनकी वारदात के दिन की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। इसी जांच के आधार पर पुलिस को मास्टरमाइंड और उसके साथियों का सुराग मिला, जिसके चलते 36 घंटे के भीतर 10 गिरफ्तारियां हुईं और 59.50 लाख रुपये बरामद किए गए। (Raipur News )
रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यह मामला सुलझ गया, लेकिन यह घटना दिखाती है कि लालच और पारिवारिक मतभेद किस तरह घातक अपराधों को जन्म दे सकते हैं। (Raipur News )



