कोंडागांव में फूड पॉइजनिंग से एक बच्ची की मौत, 15 लोग बीमार, पढ़ें पूरी खबर

Food Poisoning in Kondagaon: कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र में फूड पॉइजनिंग से कई लोग बीमार हो गए हैं। दरअसल, हंगवा गांव में फूड पॉइजनिंग से एक 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि 4 बच्चों समेत 15 लोग बीमार हो गए हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही मंत्रिमंडल के साथी केदार कश्यप ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल जाना। मामले में अधिकारियों और चिकित्सकों को इलाज की बेहतर व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने, पीड़ितों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : बकाया भू-भाटक न चुकाने वाले उद्योगों पर कार्रवाई, 3 करोड़ 62 लाख से अधिक की वसूली
दरअसल, छठी कार्यक्रम में चिकन-मटन खाने के बाद सभी लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आश्रम में पढ़ने वाली दूसरी कक्षा की छात्रा जयंती कोर्राम भी फूड पॉइजनिंग की शिकार हुई थी, जिसने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। बीमार लोगों में बच्चे-बूढ़े सभी शामिल थे। सभी को पेट दर्द और दस्त की शिकायत थी। सिविल सर्जन डॉक्टर आर.सी. ठाकुर के मुताबिक अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। (Food Poisoning in Kondagaon)
अंतू राम की स्थिति ज्यादा थी गंभीर
अंतू राम की स्थिति ज्यादा गंभीर थी, जिनके स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों को पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। कोंडागांव के मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने खुद हंगवा गांव का दौरा किया और प्रभावित परिवारों की जांच की। विभाग की टीम घर-घर जाकर उन सभी लोगों की जांच कर रही है, जिन्होंने छठी कार्यक्रम में भोजन किया था। स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कैंप लगा रहा है। (Food Poisoning in Kondagaon)



