महाकुंभ के सामने दुनियाभर के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त, अब तक 50 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी

Prayagraj Maha Kumbh Record: उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ के सामने दुनियाभर के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए हैं। दरअसल, 33 दिनों के अंदर 50 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई है। यह इतिहास में सबसे बड़ा आयोजन रिकॉर्ड किया गया। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ के अभी 11 दिन और बचे हैं। अमेरिका और चीन की कुल आबादी के बाद तीसरी सबसे बड़ी आबादी के बराबर लोग प्रयागराज पहुंचे हैं। ब्राजील के रियो फेस्टिवल और जर्मनी के अक्टूबर फेस्ट में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। हालांकि महाकुंभ के मुकाबले यह कुछ भी नहीं है। रियो कार्निवल 9 फरवरी से शुरू हुआ है, जो 17 फरवरी तक जारी रहेगा। इसमें रोजाना करीब 20 लाख लोग पहुंचते हैं। वहीं 16 दिनों तक चलने वाले जर्मनी के अक्टूबर फेस्ट में लगभग 70 लाख लोग पहुंचते हैं।
यह भी पढ़ें:- महाकुंभ जा रहे श्रद्धालु हादसे का शिकार, छत्तीसगढ़ के 10 लोगों की मौत, 19 घायल
34वें दिन भी महाकुंभ में पवित्र स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने कहा कि 14 फरवरी को महाकुंभ में स्नान करने वालों की संख्या 50 करोड़ को पार कर गई है। बहुत अच्छे तरीके से लोगों को स्नान कराया गया है। आगे भी जब तक श्रद्धालु आते रहेंगे। सभी को सुरक्षा के साथ सकुशल स्नान कराया जाता रहेगा। इधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने परिवार के साथ त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इस दौरान CM फडणवीस ने कहा कि यह आस्था का सबसे बड़ा कुंभ है और हर सनातनी हिंदू पवित्र डुबकी लगाना चाहता है। मुझे बहुत खुशी है कि मुझे अपने परिवार के साथ महाकुंभ में जाने और पवित्र डुबकी लगाने का अवसर मिला। (Prayagraj Maha Kumbh Record)

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि हम उन 50 करोड़ लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने महाकुंभ के दौरान डुबकी लगाई है। मैं CM योगी को धन्यवाद देना चाहती हूं। हम प्रयास कर रहे हैं कि नासिक में अगला कुंभ भी भव्य हो और अच्छी व्यवस्था हो। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि अगर देश का प्रत्येक व्यक्ति स्वर्ग पाता है तो उस पर हम सभी को खुशी जतानी चाहिए। हर धर्म का व्यक्ति यही कामना करता है कि वह कुछ ऐसे कर्म करे कि उसे स्वर्ग की प्राप्ति हो, जो लोग महाकुंभ आ रहे हैं, वे सभी इसी भाव से आ रहे हैं। यह हमारी श्रद्धा और धर्म की बात है। (Prayagraj Maha Kumbh Record)

वहीं प्रयागराज में महाकुंभ में पवित्र स्नान करने के बाद श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे लेकर अयोध्या धाम के RPF यशवंत सिंह ने कहा कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हमने RPF और GRP टीमों समेत 300 से ज्यादा कर्मचारियों को तैनात किया है। प्रवेश द्वारों पर बैगेज स्क्रीनिंग मशीनें लगाई गई हैं। हम 235 से ज्यादा CCTV कैमरों से स्टेशन की निगरानी कर रहे हैं। हम हर दिन 12-15 विशेष ट्रेनें चला रहे हैं। हम रोजाना लगभग 1 से 1.5 लाख यात्रियों के प्रस्थान की व्यवस्था कर रहे हैं। बता दें कि लोग संगम स्नान के बाद अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर रहे हैं, जिसकी वजह से वहां भी भीड़ बढ़ती जा रही है। (Prayagraj Maha Kumbh Record)




