भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने PM मोदी को कहा बड़े भाई, बोले- आपसे मिलकर मैं खुशी से झूम उठता हूं

Bhutan PM on Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के भारत मंडपम में स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप (SOUL) कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। इस दौरान भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, मेरे बड़े भाई, जब भी मुझे आपसे मिलने का मौका मिलता है, मैं खुशी से झूम उठता हूं। मेरे गुरु जब भी मैं आपसे मिलता हूं, मैं एक लोक सेवक के रूप में और भी ज्यादा मेहनत करने के लिए प्रेरित होता हूं। स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है और यह प्रामाणिक नेताओं को विकसित करने और उन्हें महान भारतीय गणराज्य की सेवा करने के लिए सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री की अटूट प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण है।
यह भी पढ़ें:- आज भारत एक वैश्विक शक्ति बनकर उभर रहा है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
SOUL लीडरशिप कॉन्क्लेव के पहले संस्करण पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज देश में बहुत सारी आकांक्षाएं हैं। देश का युवा वास्तव में उस लक्ष्य को प्राप्त करना चाहता है जो हमारे प्रधानमंत्री ने हम सभी के लिए निर्धारित किया है, ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य। यहां कुछ दिनों के लिए जो सत्र आयोजित किए गए हैं, वे ऐसे सत्र हैं जिनमें युवा उद्योग, सरकार, राजनीतिक पक्ष, शिक्षा जगत के वर्तमान नेताओं के साथ जुड़ सकते हैं, ताकि वर्तमान पीढ़ी और आने वाली पीढ़ी के बीच जुड़ाव हो सके।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ आयोजन ऐसे होते हैं, जो हृदय के बहुत करीब होते हैं। यह कार्यक्रम भी ऐसा ही है। राष्ट्र निर्माण के लिए बेहतर नागरिकों का विकास जरूरी है। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण, ‘जन से जगत’, किसी भी ऊंचाई को प्राप्त करने के लिए आरंभ जन से ही होता है। बेहतरीन लीडर्स का विकास जरूरी है और समय की मांग है इसलिए ‘स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप’ की स्थापना विकसित भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण और बड़ा कदम है। स्वामी विवेकानंद भारत को गुलामी से बाहर निकालकर भारत को ट्रांसफॉर्म करना चाहते थे और उनका विश्वास था कि अगर 100 लीडर उनके पास हों तो वह भारत को आजादी ही नहीं, बल्कि दुनिया का नंबर वन देश बना सकते हैं। (Bhutan PM on Modi)

PM मोदी ने कहा कि इसी मंत्र को लेकर हम सबको आगे बढ़ना है। स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप भारत के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इस संस्थान का नाम सिर्फ ‘SOUL’ नहीं है, बल्कि इसे भारत के सामाजिक जीवन का केंद्र बनना तय है। स्वामी विवेकानंद ने एक बार कहा था कि मुझे 100 ऊर्जावान युवा पुरुष और महिलाएं दीजिए और मैं भारत को बदल दूंगा।” स्वामी जी ने गुलामी से मुक्त और परिवर्तित भारत की कल्पना की थी। PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का मानना था कि मजबूत नेताओं का पोषण करके, वह न केवल भारत को स्वतंत्र करा सकते हैं बल्कि इसे दुनिया में नंबर एक स्थान पर भी पहुंचा सकते हैं। हमें इस दृष्टिकोण को अपनाना चाहिए और उनके आदर्शों को अपने साथ लेकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। आज हर भारतीय 21वीं सदी के ‘विकसित भारत’ के लिए दिन-रात काम कर रहा है। ऐसे में 140 करोड़ के देश में भी हर सेक्टर में, हर वर्टिकल में, जीवन के हर पहलू में हमें उत्तम से उत्तम नेतृत्व की जरूरत है। (Bhutan PM on Modi)



