मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान, कहा- छत्तीसगढ़ में विदेशी फंडिंग से हो रहा धर्मांतरण
CM Sai on Conversion: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विदेशी फंडिंग को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे NGO हैं, जो स्वास्थ्य, शिक्षा के नाम पर विदेशी सहायता लेते हैं, लेकिन उसका कहीं ना कहीं दुरुपयोग होता है। स्वास्थ्य, शिक्षा की आड़ में धर्मांतरण का खेल होता है, जो उचित नहीं है। ये बंद होना चाहिए। CM साय ने कहा कि प्रदेश सरकार ऐसे संगठनों की जांच करेगी, जो दूसरे देशों से चंदा हासिल कर रहे हैं। वो फंड कहां कैसे इस्तेमाल हो रहा है, इसकी जांच होगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है, जहां हर व्यक्ति को अपनी इच्छा के अनुसार धर्म मानने की स्वतंत्रता है, लेकिन जब अशिक्षा, गरीबी, चंगाई या लोक-परलोक के नाम पर लोगों को बहकाकर या प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाता है तो यह न सिर्फ अनैतिक है, बल्कि संविधान की मूल भावना के भी विरुद्ध है।
यह भी पढ़ें:- Blast happened in school : स्कूल के टॉयलेट में हुआ ब्लास्ट, छात्रा हुई घायल, मचा हड़कंप, पढ़े पूरी खबर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्देश दिया है कि राज्य में कार्यरत उन NGO की गहन जांच की जाए, जिन्हें विदेशी एजेंसियों से वित्तीय सहायता मिली है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी NGO स्वास्थ्य और शिक्षा के नाम पर विदेशी फंडिंग लेकर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में लिप्त न हो। अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए पहले से ही सख्त कानूनों को लागू कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जो भी संगठन, व्यक्ति या संस्था इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। (CM Sai on Conversion)
समाज में अस्थिरता बर्दाश्त नहीं: CM साय
CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है और राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन अगर कोई भी संस्था धर्मांतरण के माध्यम से समाज में अस्थिरता फैलाने का प्रयास करती है तो सरकार उसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार केंद्र सरकार और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बजट सत्र में सरकार धर्मांतरण के मामलों पर सख्ती बरतने नए कानून का प्रस्ताव ला सकती है। (CM Sai on Conversion)
CM साय के बयान पर राजनीति शुरू
दरअसल, छत्तीसगढ़ में कुछ NGO धर्मांतरण के काम में भी शामिल पाए गए हैं, जिसका इनपुट सरकार को मिला है। वहीं डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कई NGO को हेल्थ और एजुकेशन के नाम से काफी फंड आता है, लेकिन पैसा कम खर्च कर के धर्मांतरण में लगाते हैं। इन सभी विषयों पर जांच होनी चाहिए, जिन मकसद से विदेश से पैसा आता है उसका सही इस्तेमाल होना चाहिए। इधर, पूर्व PCC चीफ धनेंद्र साहू ने CM साय के बयान को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान हास्यास्पद है। केंद्र और राज्य में बीजेपी की सरकार है। प्रदेश के मुखिया को सोच समझकर बात करना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कितने केस आए, क्या कार्रवाई हुई। पहले कार्रवाई करने के बाद में बताना चाहिए। क्योंकि यह उनकी जिम्मेदारी है। (CM Sai on Conversion)



