Google Analytics —— Meta Pixel

कामकाजी महिलाओं की जरूरत होगी पूरी, रायपुर और बिलासपुर में बनेंगे 6 महिला छात्रावास

Gift to Working Womens: छत्तीसगढ़ के दो सबसे बड़े शहरों रायपुर और बिलासपुर में कामकाजी महिलाओं की सुरक्षित और सस्ते आवास की बड़ी जरूरत जल्द पूरी होगी। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने राज्यों के लिए विशेष पूंजीगत सहायता योजना (Scheme for Special Assistance to States for Capital Investment 2024-25) के अंतर्गत रायपुर, बिलासपुर और नया रायपुर में छह कामकाजी महिला छात्रावासों (Working Women’s Hostel) के लिए 202 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि से रायपुर नगर निगम की ओर से तेलीबांधा और टाटीबंध में 250-250 सीटर और भैंसथान में 223 सीटर महिला छात्रावास बनाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ : शीघ्रलेखन एवं मुद्रलेखन कम्प्यूटर कौशल परीक्षा परिणाम घोषित, पढ़ें पूरी खबर

वहीं बिलासपुर के तिफरा और सिरगिट्टी में CSIDC की ओर से 224-224 सीटर छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण नया रायपुर में एक हजार सीटर छात्रावास बनाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहरों में कामकाजी महिलाओं के सुरक्षित और सस्ते आवास के लिए राशि मुहैया कराने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि सुशासन के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने राज्य शासन ने वर्किंग वीमेन हॉस्टल बनाने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया था। उन्होंने इसकी मंजूरी मिलने पर राज्य की महिलाओं की ओर से भारत सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया है। (Gift to Working Womens)

जानिए कहां के लिए कितने करोड़ आवंटित

उन्होंने कहा कि छात्रावासों के निर्माण से तीनों शहरों में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास मिलेगा। केंद्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से विशेष पूंजीगत सहायता के तहत नया रायपुर में एक हजार सीटर महिला छात्रावास के लिए 103 करोड़ 22 लाख रुपए, रायपुर के टाटीबंध और तेलीबांधा में 250-250 सीटर छात्रावास के लिए क्रमशः 15 करोड़ 10 लाख रुपए और 15 करोड़ पांच लाख रुपए मंजूर किए हैं। रायपुर के ही भैंसथान में 223 सीटर छात्रावास के लिए 17 करोड़ 23 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भारत सरकार की ओर से बिलासपुर के तिफरा और सिरगिट्टी में 224-224 सीटर छात्रावास के लिए क्रमशः 26 करोड़ 15 लाख रुपए और 25 करोड़ 25 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। (Gift to Working Womens)

Back to top button
error: Content is protected !!