इस बार 2 मई को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, महाशिवरात्रि के अवसर पर तारीख का ऐलान

Chardham Yatra 2025: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2 मई से शुरू होने वाली है। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को सुबह 7 बजे खुलेंगे। 27 अप्रैल को भगवान भैरवनाथ की पूजा की जाएगी। बाबा केदार की पंच मुखी डोली 28 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर तारीख की घोषित की गई है। बाबा केदार की डोली 28 अप्रैल को गुप्तकाशी, 29 अप्रैल को फाटा, 30 अप्रैल को गौरीकुंड पहुंचेगी। 1 मई को बाबा की डोली केदारनाथ पहुंचेगी। 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।
यह भी पढ़ें:- महाकुंभ में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अब तक 55 लाख से ज्यादा ने लगाई डुबकी, श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह बहुत शुभ दिन है कि 2 मई से भक्तों के दर्शन के लिए बाबा केदार के कपाट खोले जाएंगे। हमने सभी व्यवस्थाओं की पहले ही समीक्षा कर ली है। सभी विभाग मिलकर यात्रा का अच्छा संयोजन करेंगे। बाबा की कृपा से यह यात्रा सफल और ऐतिहासिक होगी। बता दें कि हर साल केदारनाथ धाम के कपाट भाई दूज के दिन 6 महीने के लिए बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद अक्षय तृतीया पर खुलते हैं। इन 6 महीनों में बाबा की पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में होती है। कपाट बंद होने की तिथि की घोषणा विजयदशमी के दिन होती है और कपाट खुलने की घोषणा महाशिवरात्रि के दिन की जाती है। वहीं बद्रीनाथ धाम के कपाट आमतौर पर केदारनाथ धाम के दो दिनों बाद खुलते हैं। (Chardham Yatra 2025)
3 नवंबर को बंद हुए थे कपाट
बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम उत्तराखंड के चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में हैं। हर साल अक्टूबर से नवंबर के महीनों में यहां बर्फबारी शुरू हो जाती है। इसके कारण आवागमन के रास्ते बाधित हो जाते हैं। इस कारण से हर साल इन धामों के कपाट को बंद कर दिया जाता है। इस बीच भगवान शिव की मूर्ति को उखीमठ यानी ओंकारेश्वर मंदिर में स्थापित कर दिया जाता है और वहां उनकी पूजा होती है। कपाट खुलने के बाद उन्हें पुनर्स्थापित कर दिया जाता है। पिछले साल 3 नवंबर 2024 को केदारनाथ के कपाट बंद हुए थे। (Chardham Yatra 2025)



