भारत और न्यूजीलैंड के बीच महामुकाबला आज, टूर्नामेंट में अब तक अजेय है दोनों टीमें

India Vs New Zealand: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 अब अपने आखिरी पड़ावों पर है। आज यानी 2 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच होगा। बता दें कि दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। आज जीतने वाली टीम टेबल टॉपर रहते हुए ग्रुप स्टेज खत्म करेगी, जिसका मुकाबला सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से होगा। वहीं हारने वाली टीम साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के अपने पहले मैच में बांग्लादेश और दूसरे में पाकिस्तान को हराया था। वहीं न्यूजीलैंड ने पहले मुकाबले में पाकिस्तान और दूसरे में बांग्लादेश को हराया था। दोनों टीमें चैंपियंस ट्रॉफी में दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले साल 2000 में टूर्नामेंट के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष ने किया एजुकेशन हब का निरीक्षण, कहा- जीवन का सर्वश्रेष्ठ समय होता है छात्र जीवन
दोनों टीमों के बीच मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। टॉस 2 बजे और 2:30 बजे से मैच शुरू हो जाएगा। ओवरऑल वनडे में टीम इंडिया आगे है। दोनों टीमों के बीच अब तक 118 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 60 और न्यूजीलैंड ने 50 मुकाबले जीते। 7 मैचों में परिणाम नहीं निकल सका। जबकि एक मैच टाई रहा। इस टूर्नामेंट में भारत के उपकप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 2 मैचों में 147 रन बनाए हैं। शुभमन ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में शतक लगाया था। उन्होंने 129 बॉल पर 101 रन बनाए थे। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने सेंचुरी लगाई थी। बॉलिंग में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी टॉप पर हैं, जिन्होंने 2 मैचों में 5 विकेट लिए हैं। (India Vs New Zealand)
दुबई का स्टेडियम अब तक भारत के लिए अच्छा
वहीं टॉम लैथम न्यूजीलैंड के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 2 मैचों में 173 रन बनाए हैं। लैथम ने पिछले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 55 और पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 118 रन बनाए थे। बॉलिंग में माइकल ब्रेसवेल टॉप पर हैं। उन्होंने 2 मैचों में 5 विकेट लिए हैं। दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दूसरी पारी में बैटिंग करने वाली टीम के जीत का रिकॉर्ड ज्यादा अच्छा है। भारत ने भी पिछले दोनों मैच चेज करते हुए जीते। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले फील्डिंग का फैसला ले सकती है। इस स्टेडियम में अब तक 60 वनडे खेले गए। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 22 और दूसरी पारी में बैटिंग करने वाली टीम ने 36 मैच जीते हैं। वहीं एक-एक मैच बेनतीजा और टाई रहा। इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का हाईएस्ट स्कोर 355/5 है, जो इंग्लैंड ने 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। भारत ने यहां अब तक 8 मुकाबले खेले और 7 में जीत दर्ज की। जबकि एक मैच टाई भी रहा। (India Vs New Zealand)



