तेज रफ्तार बाइकों के बीच जोरदार टक्कर, हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत

Road Accident in Agra: उत्तरप्रदेश के आगरा में देर रात 2 बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हुई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में से 4 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसा आगरा-जगनेर मार्ग पर गहर्राकलां रोड पर हुआ है। पुलिस ने बताया कि सैंया के रहने वाले भगवान दास (उम्र 35 साल), वकील (उम्र 30 साल), रामस्वरूप (उम्र 28 साल) और सोनू (उम्र 25 साल) रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए एक ही बाइक में सवार होकर गढ़मुक्खा गए थे। जबकि बुलेट पर करन और कन्हैया सवार थे, जो कागारौल के रहने वाले थे। हादसे में बाइक सवार 4 लोगों और बुलेट सवार एक की मौत हुई है। जबकि दूसरा गंभीर घायल है, जिसका इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज में जारी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष ने किया एजुकेशन हब का निरीक्षण, कहा- जीवन का सर्वश्रेष्ठ समय होता है छात्र जीवन
जानकारी के मुताबिक दो बाइकों की टक्कर के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा। देर रात परिवार के लोग इमरजेंसी पहुंचे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी पर चीख पुकार मची रही। घायल कन्हैया इंटर का छात्र है, जिसका इलाज चल रहा है। ACP देवेश कुमार ने बताया कि पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। चार लोग फेरी लगाकर सामान बेचते थे। (Road Accident in Agra)

इधर, आगरा के एत्मादपुर में आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर चलती कार में आग लग गई। आग की लपटें उठने पर कार ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी थी। बता दें कि शनिवार रात करीब 9 बजे आगरा की ओर जा रही कार में अचानक आग की लपटें उठने लगी। लोगों ने शोर मचाया तो कार चालक को आग के बारे में पता चला। इसके बाद उसने कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं बीच सड़क में कार में आग लगने के चलते यातायात रुक गया। वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। (Road Accident in Agra)




