International Women Day: छत्तीसगढ़ की महिलाएं काबिल और मेहनती हैं: कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

International Women Day: छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा और हौसला देता है। मातृ शक्ति ने हर क्षेत्र में खुद को साबित किया है और अपनी क्षमता और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। छत्तीसगढ़ की महिलाएं काबिल और मेहनती हैं। राज्य सरकार ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई प्रावधान किए हैं।
यह भी पढ़ें:- आज जशपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, 365 नवविवाहित जोड़ों को देंगे आशीर्वाद
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में महतारी वंदन योजना शुरू की गई है। मंत्री राजवाड़े ने आह्वान किया है कि बेटों के समान बेटियों को भी पढ़ने और आगे बढ़ने के सभी अवसर उपलब्ध कराएं। महिलाओं को विकास के समान अवसर मिलने से ही हम एक मजबूत और विकसित समाज की कल्पना को साकार कर पाएंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास के कार्यक्रमों के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं होगी।

उन्होंने मंत्री राजवाड़े से छत्तीसगढ़ में महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित किए जा रहे कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, भविष्य की योजनाओं और रणनीतियों पर सार्थक चर्चा भी की। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय से महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण समेत पोषण अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मंत्री राजवाड़े ने केंद्रीय मंत्री को छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और कुशल नेतृत्व में प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं, जिससे राज्य हर क्षेत्र में प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।




