Google Analytics —— Meta Pixel

होली से पहले मिठाई दुकानों में खाद्य विभाग का छापा, 27 दुकानदारों पर लगा जुर्माना

Food Department Raid: महासमुंद जिले में होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों की सघन जांच की। एसडीएम उमेश साहू के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति भानु ने टीम के साथ बागबाहरा और पिथौरा की प्रमुख मिठाई दुकानों पर दबिश देकर मिठाइयों के सैंपल लिए। जांच के दौरान बागबाहरा के जलाराम मिष्ठान भंडार से जलेबी, बर्फी और कलाकंद के नमूने लिए गए। वहीं दशमेश होटल से बूंदी लड्डू और गाठिया के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए। हर्षद मिष्ठान्न भंडार से पेड़ा, चमचम और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। इसी तरह पिथौरा स्थित प्रतीक स्वीट्स से खोवा और कलाकंद के नमूने लिए गए।

यह भी पढ़ें:- International Women Day: छत्तीसगढ़ की महिलाएं काबिल और मेहनती हैं: कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

SDM साहू ने बताया कि त्योहार के दौरान मिठाइयों की खपत बढ़ जाती है, जिससे मिलावट की संभावना भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दुकानों की जांच की गई और संदेहास्पद खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम उमेश साहू ने दुकानदारों को साफ-सफाई और शुद्धता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। अगर किसी भी दुकान में मिलावट पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरिशंकर पैकरा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य पदार्थों की जांच और सख्त निगरानी कर रहे हैं। (Food Department Raid)

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति भानु और शंखनाद भोई के नेतृत्व में बीते दो महीने में कुल 49 खाद्य नमूने संकलित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर को भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी और चलित खाद्य प्रयोगशाला की टीम ने 131 खाद्य पदार्थों के सर्वेक्षण नमूने एकत्र किए, जिनमें से 08 खाद्य पदार्थ अवमानक पाए गए। इन सभी को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। टीम ने विक्रेताओं को अखाद्य रंगों के उपयोग से बचने, तले हुए खाद्य पदार्थों को अखबारी कागज में न परोसने और खाद्य तेल को तीन बार से ज्यादा बार इस्तेमाल न करने की सख्त हिदायत दी है। (Food Department Raid)

त्योहारी सीजन में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से खाद्य पदार्थों की जांच जारी है और संकलित नमूने रायपुर की प्रयोगशाला को भेजे जा रहे हैं। बीते साल दीपावली त्योहार के दौरान अवमानक और नकली खाद्य पदार्थ बेचने पर 8 प्रकरण अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी और निर्णयन अधिकारी महासमुंद के न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 02 प्रकरण में 20,000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। वहीं होली में 11 विधिक नमूने संकलित किए गए, जिनमें से 02 अवमानक पाए गए। संबंधित फर्मों पर कुल 30,000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया और उन्हें सचेत किया गया है। (Food Department Raid)

इधर, कोंडागांव कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार वार्षिक मेला में होटलों और खाद्य पदार्थों की स्वच्छता का परीक्षण किए जाने के लिए पिछले साल की तरह इस बार भी दल का गठन किया गया है। इस दल की ओर से मेला अवधि में दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में संयुक्त टीम ने मेला स्थल के कई दुकानों में पहुंचकर खाद्य सामग्रियों का गहन परीक्षण किया। इस दौरान मेले में दुकानदारों पर नियमों का उल्लंघन करने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन न करने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग जैसे अनियमितताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और जुर्माना लगाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार देवांगन की संयुक्त कार्रवाई में कुल 27 दुकानदारों पर 10,700 रुपए का जुर्माना लगाया गया। जिला प्रशासन ने यह कदम मेले की व्यवस्था को बेहतर बनाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया है। (Food Department Raid)

Back to top button
error: Content is protected !!