छत्तीसगढ़ विधानसभा में धान को लेकर जमकर बवाल, कांग्रेस विधायकों ने किया वॉकआउट
Discussion on Paddy: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धान का उठाव और चावल जमा करने का उठाया मुद्दा। इस पर जवाब देते हुए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि खरीफ वर्ष 2024- 25 में केंद्रीय पुल में 69.72 लाख मीट्रिक टन चावल जमा करने का लक्ष्य है। लक्ष्य के हिसाब से अब तक 9 लाख मीट्रिक टन चावल जमा किया गया है। इसके बाद पूर्व CM भूपेश बघेल ने अतिरिक्त धान और चावल के इस्तेमाल का सवाल उठाया। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि इसका फैसला सरकार जल्द लेगी।
यह भी पढ़ें:- CM साय पर भूपेश बघेल के बयान पर हमलावर हुई BJP,मंत्री कश्यप ने कहा- कुछ भी बोलने से पहले हजार बार सोचना चाहिए
वहीं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि पिछली सरकार जो व्यवस्था करती थी वह यह सरकार भी करेगी। इस बीच शून्यकाल में विपक्ष ने धान खरीदी और केंद्रीय पूल में पूरे खरीदे धान का चावल नहीं लेने पर स्थगन प्रस्ताव लाया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि 149 लाख मीट्रिक टन धान उपार्जित किया, लेकिन 40 लाख मीट्रिक टन धान बाजार में नीलाम करने का निर्णय ले रहे हैं। पहले धान को नीलाम करने की जरूरत नहीं पड़ी थी। पंजाब में डबल इंजन की सरकार नहीं है। बावजूद उनके सारे चावल ले रहे हैं। (Discussion on Paddy)
छत्तीसगढ़ को 8 हजार करोड़ का घाटा हो रहा: बघेल
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को 8 हजार करोड़ का घाटा हो रहा है। यह उचित नहीं है। इससे राजस्व की हानि होगी। इसके साथ ही पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि 40 लाख मीट्रिक टन धान खुले में बेचने का निर्णय लिया गया है। केंद्रीय पूल में चावल जमा नहीं हो रहा, जो दुर्भाग्य है। इस पर सदन में चर्चा कराए। इधर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्थगन प्रस्ताव का अग्राह्य कर दिया, जिस पर विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। इसके बाद सभी विपक्षी विधायक विरोध करते हुए गर्भ गृह तक पहुंच गए, जिसके चलते विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के 29 विधायकों को निलंबित कर दिया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही उनका निलंबन बहाल भी कर दिया गया। (Discussion on Paddy)



