Google Analytics —— Meta Pixel

CM साय पर भूपेश बघेल के बयान पर हमलावर हुई BJP, मंत्री कश्यप ने कहा- कुछ भी बोलने से पहले हजार बार सोचना चाहिए

Minister Kashyap on Baghel: छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर दिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रदेश के पहले आदिवासी सौम्य और सरल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बारे में कुछ भी बोलने से पहले हजार बार सोचना चाहिए। भूपेश हमेशा से आदिवासी विरोधी रहे हैं। उन्हें यह पच ही नहीं रहा है कि कोई आदिवासी भी प्रदेश की कमान संभाल सकता है। मुख्यमंत्री साय प्रदेश ही नहीं, बल्कि समूचे देश के सबसे अनुभवी आदिवासी नेता हैं। उनका अनुभव और राजनीतिक करियर भी भूपेश बघेल से कई गुना बड़ा है। 

यह भी पढ़ें:- CM साय ने आध्यात्मिक गुरु रविशंकर से लिया आशीर्वाद, खंडित शिवलिंग के किए दर्शन

उन्होंने कहा कि एक बार केंद्रीय मंत्री, दो बार विधायक, तीन बार प्रदेश अध्यक्ष, चार बार सांसद और अब प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री के रूप में विष्णुदेव साय के कार्यकाल की देशभर में सराहना हो रही है। मंत्री कश्यप ने कहा कि CM साय के नेतृत्व में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस का सफाया हो गया। लोकसभा चुनाव में मोदी गारंटी पूरे करने का असर दिखा। समूचे देश में सौम्य सरल लेकिन कड़े निर्णय लेने वाले नेता के रूप में विष्णुदेव साय की पहचान है। भूपेश बघेल को यह समझना चाहिए कि बड़बोलेपन से राजनीति नहीं चलती। (Minister Kashyap on Baghel)

बघेल की आदिवासी विरोधी मानसिकता: कश्यप

मंत्री कश्यप ने कहा कि अनावश्यक बयानबाजी को छत्तीसगढ़ की सहज-सरल जनता कितना नापसंद करती है, वह भूपेश बघेल ने स्वयं अनुभव किया होगा। मंत्री कश्यप ने कहा कि जिस तरह एक सरल आदिवासी कवासी लखमा के कंधे पर बंदूक रखकर भूपेश बघेल ने अपने घोटालों की गोली चलाई, जैसे सारी मलाई चट कर आदिवासी विधायक लखमा के सिर पर सारा ठीकरा फोड़ दिया है, यह भूपेश बघेल की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दिखाता है। पूर्व मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वे घोटालों के आरोपों का सामना न्यायिक प्रक्रिया से करें, जिस संविधान को बचाने की बड़ी-बड़ी बात कांग्रेस करती है, उसी संविधान के तहत संवैधानिक संस्थाएं जांच कर रही है। (Minister Kashyap on Baghel)

प्रतिनिधियों का अपमान करने का भूपेश को अधिकार नहीं: कश्यप

कश्यप ने कहा कि इसी संविधान ने देश के वंचितों और आदिवासियों को अधिकार दिए हैं। भूपेश बघेल का संवैधानिक संस्थाओं का मजाक उड़ाना संविधान विरोधी कृत्य भी है। मंत्री कश्यप ने कहा कि बघेल संविधान का सम्मान करें, संवैधानिक पद्धति से चुनकर आए प्रतिनिधियों का अपमान करने का भूपेश बघेल को कोई अधिकार नहीं है। चोरी पकड़ी जाने पर बौखलाहट से काम नहीं चलता है। भूपेश बघेल को माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस के नेता बदहवास की स्थिति में आ गए हैं। भूपेश बघेल अपने पार्टी के नेताओं का ही मान-सम्मान नहीं कर पाए। भूपेश बघेल ने आदिवासियों का उपयोग किया है। (Minister Kashyap on Baghel)

ED छापे से जुड़ा है पूरा मामला

दरअसल, भूपेश बघेल के घर छापे पर CM विष्णुदेव साय ने कहा था कि सभी को पता है कि कांग्रेस की 5 साल की सरकार में तरह-तरह के घोटाले हुए। अब उसकी जांच केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं। कई लोग जेल के अंदर भी हैं, कई लोग जेल जाने की तैयारी में है। इसीलिए ED की जांच हो रही है। इसमें प्रदेश का कोई दखल नहीं है, जिस तरह से आरोप लगाया जा रहा है कि दुर्भावना के चलते कार्रवाई हो रही है, लेकिन जांच केंद्रीय एजेंसी जांच कर रही है। ED केंद्रीय एजेंसी है। उसमें प्रदेश का कोई लेना-देना नहीं है। इस पर बघेल ने कहा था कि अब विष्णुदेव साय के बारे में क्या बोलूं, वह विधानसभा में प्रश्न से भागते हैं। जो विधानसभा में लिखकर आता है उसे ही पढ़ते हैं। अभी भी कोई लिखकर दिया होगा वो पढ़ दिए होंगे। (Minister Kashyap on Baghel)

Back to top button
error: Content is protected !!