Google Analytics —— Meta Pixel

CM साय ने आध्यात्मिक गुरु रविशंकर से लिया आशीर्वाद, खंडित शिवलिंग के किए दर्शन

Spiritual Guru Ravi Shankar: CM विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में आध्यात्मिक गुरु और द आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक रविशंकर ने मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए श्री श्री रविशंकर का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीकस्वरूप जशपुर जिले में स्थित विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग- मधेश्वर पहाड़ का छायाचित्र और बस्तर आर्ट शैली में निर्मित नंदी की प्रतिकृति भेंट कर श्री श्री रविशंकर का अभिनंदन किया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के खिलाफ केंद्र सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

गुरु रविशंकर ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि इस बार वे अपने साथ 1000 साल पुराने सोमनाथ मंदिर के खंडित शिवलिंग के अवशेष लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक शिवलिंग के अवशेष को सदियों से एक अग्निहोत्री परिवार द्वारा सुरक्षित रखा गया था। अब वे इसे पूरे देश में दर्शनार्थ श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का पावन कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री समेत उपस्थित लोगों ने खंडित शिवलिंग के दर्शन किए और आस्था प्रकट की। (Spiritual Guru Ravi Shankar)

कैबिनेट में लिए गए निर्णय अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आध्यात्मिक गुरु रविशंकर के बीच छत्तीसगढ़ सरकार, व्यक्ति विकास केंद्र इंडिया (द आर्ट ऑफ लिविंग) के बीच हुए एमओयू को लेकर भी चर्चा हुई। एमओयू का उद्देश्य आजीविका सृजन और ग्रामीण छत्तीसगढ़ के समग्र कल्याण सहित ग्रामीण विकास के विविध पहलुओं से जुड़ा है, जिसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दोनों पक्षों ने विचार-विमर्श किया। (Spiritual Guru Ravi Shankar)

शंखनाद महासत्संग का न्योता

आध्यात्मिक गुरु रविशंकर ने मुख्यमंत्री साय को राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘शंखनाद महासत्संग’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण के लिए आध्यात्मिक गुरु रविशंकर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव डॉ. बसवराजू एस., पी. दयानंद, राहुल भगत, जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल, मुख्यमंत्री साय की पत्नी कौशल्या देवी साय समेत परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित थे। (Spiritual Guru Ravi Shankar)

Back to top button
error: Content is protected !!