छत्तीसगढ़ के खिलाफ केंद्र सरकार का रवैया उपेक्षापूर्ण: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
Baghel on Central Government: छत्तीसगढ़ विधानसभा में धान और चावल को लेकर जमकर बवाल हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार ने स्वीकार किया कि धान की नीलामी होगी। पिछले समय भी धान का निष्पादन नहीं हो पाया था। धान नीलामी से छत्तीसगढ़ को करीब 8 हजार करोड़ का आर्थिक नुकसान होगा। छत्तीसगढ़ के खिलाफ केंद्र का यह उपेक्षापूर्ण रवैया है। भाजपा की चार इंजन की सरकार कुछ नहीं कर पाई है। आने वाले साल में घाटा लगा तो धान खरीदी प्रभावित होगी। राज्य सरकार को केंद्र सरकार से धान खरीदने का अनुरोध करना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- CM साय पर भूपेश बघेल के बयान पर हमलावर हुई BJP, मंत्री कश्यप ने कहा- कुछ भी बोलने से पहले हजार बार सोचना चाहिए
वहीं प्रश्नकाल में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने धान और चावल को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों, गरीबों को हक की राशि मिलनी चाहिए। 40 लाख मीट्रिक टन धान की नीलामी करने की घोषणा सरकार ने की। धान की नीलामी से करीब 8 हजार करोड़ रुपए का नुकसान छत्तीसगढ़ को होगा। सोच बदलने के लिए विपक्ष ने सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हुई इसलिए विपक्ष ने वॉकआउट किया। (Baghel on Central Government)
धान की मात्रा हर दिन बढ़ रही: मंत्री दयालदास बघेल
इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि 15 लाख मीट्रिक टन धान अब तक जमा नहीं हुआ है। 3 महीने की समय-सीमा रहती है, उसको भी जमा कर देंगे। धान की मात्रा हर दिन बढ़ रही है, इसलिए गोदाम की व्यवस्था करना आवश्यक है। गोदाम के लिए बजट में राशि स्वीकृत कर दी गई है। केंद्र से सेंट्रल पुल में चावल का कोटा बढ़ाने की मांग की गई थी। केंद्र से अब तक निर्णय नहीं हुआ है। अब राज्य सरकार इसका निर्णय करेगी। गोदाम के निर्माण होने से लगभग समस्याओं का हल हो जाएगा। (Baghel on Central Government)



