देश को टुकड़ों में बांटकर जाएंगे मोदी और शाह: शिवसेना सांसद संजय राउत
Sanjay Raut on Modi: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत के बयान पर बवाल मचा हुआ है। दरअसल, उन्होंने कहा कि देश विभाजन की ओर बढ़ रहा है। मुझे आज की परिस्थितियां 1947 से पहले की स्थिति जैसी लग रही है, जब पाकिस्तान बनाया जा रहा था, तब भी कुछ लोगों ने ऐसी ही स्थिति पैदा की थी। पंडित नेहरू ने कहा था कि भारत को हिंदू पाकिस्तान नहीं बनने देंगे। देश धर्मांध लोगों के हाथों में नहीं जाना चाहिए, चाहे वे हिंदू हों या मुसलमान, लेकिन आज दुर्भाग्य से यह देश उन्हीं ताकतों के हाथों में चला गया है। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अपने कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण खत्म हो गया है। इन संगठनों का एक ही काम रह गया है। दंगे करवाना, मस्जिदों पर हमले करना और हिंदू युवाओं को भड़काना।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान के साथ शांति के हर नेक प्रयास का जवाब शत्रुता और विश्वासघात से मिला: प्रधानमंत्री मोदी
राउत ने कहा कि मोदी और शाह का राज एक दिन चला जाएगा, लेकिन जाते-जाते वह देश को टुकड़ों में बांटकर जाएंगे। पिछले दस सालों में भारत में हिंदू और मुसलमान दो अलग-अलग राष्ट्र बन गए हैं। यह माहौल बंटवारे जैसा है। शिवाजी के इतिहास को बदलना, हिंदू-मुसलमानों के लिए अलग दुकानों की मांग करना यह सब काम हो रहा है। यह सब एक सोची समझी मूर्खता है, जो भारत को हिंदू पाकिस्तान की ओर धकेल रही है। देश में आज जो सांप्रदायिक और धार्मिक नफरत बढ़ी है, वह बंटवारे से पहले भी इसी तरह दिखाई दे रही थी। आज यहां के कुछ हिंदू नेता जिन्ना की भूमिका में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए खतरनाक है। (Sanjay Raut on Modi)
आचार्य प्रमोद कृष्णम का पलटवार
इस पर पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 1947 में भारत को तोड़ने का ख्वाब मोहम्मद अली जिन्ना ने देखा था। अब संजय राउत और राहुल गांधी भी ऐसा ही सपना देख रहे हैं। संजय राउत राहुल गांधी के साथ मिलकर इस देश को तोड़ने की साजिश कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि भारत की जनता उनके मंसूबों को समझ चुकी है और अब उन्हें कभी समर्थन नहीं मिलेगा। वे दूसरा पाकिस्तान बनाना चाहते हैं और राहुल गांधी को उसका प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। (Sanjay Raut on Modi)



