नागपुर में औरंगजेब पर घमासान, हिंसा के बाद पुलिस ने लगाया क़र्फ़्यू, अफवाहों पर ध्यान ना दें, संयम बरतें, सीएम फडणवीस और केंद्रीय मंत्री गडकरी की अपील

Nagpur Violence News: औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए एक दक्षिणपंथी संगठन द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान धर्मग्रंथ जलाए जाने की अफवाह फैलने के बाद मध्य नागपुर में सोमवार को हिंसा (Nagpur Violence ) भड़क गई. इस दौरान किए गए पथराव में तीन पुलिसकर्मियों समेत नौ लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकार दी.पुलिस ने महल क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में तलाशी अभियान के दौरान 15 लोगों को गिरफ्तार किया. इससे पहले,पुलिस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय वाले महल क्षेत्र में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया.अधिकारियों ने बताया कि हिंसा देर शाम कोतवाली और गणेशपेठ तक कथित रूप से फैल गई।
अफवाहों पर ध्यान ना दें
नागपुर में हिंसा के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री निति गडकरी ने सोमवार रात शांति की अपील की और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा। उनकी यह अपील ऐसे समय में आई है, जब शाम को मध्य नागपुर के कई इलाकों में अफवाह के बाद हिंसा फैल गई। अफवाह में कहा गया था कि औरंगजेब की कब्र को हटाने के लिए एक दक्षिणपंथी संगठन के प्रदर्शन के दौरान कुरान को जला दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘महल इलाके में पथराव और तनावपूर्ण स्थिति के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है।’’ उन्होंने नागरिकों से प्रशासन के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।
लगातार अपडेट ले रहे सीएम फडणवीस
गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे फडणवीस ने यह भी कहा कि वह पुलिस के लगातार संपर्क में हैं और उन्होंने पुलिस से लोगों के साथ सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘नागपुर शांतिपूर्ण शहर है, जहां लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते हैं। हमेशा से नागपुर की यह परंपरा रही है। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।’’ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस फिलहाल सागर बंगले पर अपने नेताओं और मंत्रियों के साथ मौजूद हैं। वह नागपुर में हुई घटना पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री पुलिस के संपर्क में हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। नागपुर में प्रभावित क्षेत्र में धारा 144 ( BNS 163 ) लगा दी गई है।
नितिन गडकरी ने क्या कहा?
केंद्रीय मंत्री और नागपुर के सांसद नितिन गडकरी ने कहा, “कुछ अफवाहों के कारण नागपुर में धार्मिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। शहर का इतिहास ऐसे मामलों में शांति बनाए रखने के लिए जाना जाता है। मैं अपने सभी भाइयों से आग्रह करता हूं कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। सड़कों पर न निकलें। कानून व्यवस्था में सहयोग करें। शांति और सद्भाव की परंपरा को बनाए रखें जिसके लिए नागपुर जाना जाता है। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि सरकार उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी जिन्होंने गलती की है या अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। मुख्यमंत्री को पहले ही इस स्थिति के बारे में सूचित किया जा चुका है, इसलिए मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। कृपया पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, प्रेम बढ़ाएं और शहर में सकारात्मक माहौल बनाए रखें। यह मेरी आप सभी से विनम्र विनती है।
कैबिनेट मंत्री बावनकुले नागपुर रवाना
सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले से अपने आधिकारिक निवास ‘सागर’ में आधे घंटे तक बैठक की। इसके बाद बावनकुले नागपुर के लिए रवाना हो गए। (Nagpur Violence)



