नागपुर हिंसा को लेकर सरकार पर हमलावर हुई विपक्ष, कहा- हिंदुओं को डराने और भड़काने का यह नया तरीका है

Opposition on Nagpur Violence: नागपुर हिंसा पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र नागपुर के महल इलाके में दंगा भड़का है। नागपुर 300 साल पुराना शहर है और इन 300 सालों के इतिहास में नागपुर में कभी दंगा नहीं हुआ। हम सभी को पूछना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों बनी। केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है। अगर VHP और बजरंग दल ने औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया तो क्या सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की? कांग्रेस पार्टी और हम सभी नागपुर के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं। हमारे लिए शांति आवश्यक है।
यह भी पढ़ें:- कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को भी नहीं है: CM देवेंद्र फडणवीस
उन्होंने कहा कि नागपुर में दंगों की खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं। पिछले कई दिनों से 300 साल पुराने इतिहास को हथियार बनाकर उसका इस्तेमाल विभाजन, ध्यान भटकाने और अशांति पैदा करने के लिए किया जा रहा है। ये झड़पें केंद्र और राज्य दोनों में सत्तारूढ़ शासन की विचारधारा का असली चेहरा उजागर करती हैं। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि मैं महाराष्ट्र के लोगों से शांति बनाए रखने का अनुरोध करती हूं। महाराजा छत्रपति शिवाजी महाराज एक ऐसे नेता थे जो सभी को साथ लेकर आगे चलते थे। कुछ लोग महाराष्ट्र में सामाजिक माहौल को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। (Opposition on Nagpur Violence)
कांग्रेस सांसद वर्षा ने साधा निशाना
कांग्रेस सांसद वर्षा ने कहा कि धर्म अपनी जगह है राजनीति अपनी जगह है दुर्भाग्यपूर्ण कुछ लोग राजनीति को धर्म की तरफ ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। मैं सभी शांति बनाए रखने का आह्वान करती हूं। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि नागपुर में हिंसा होने का कोई कारण नहीं है। नागपुर आरएसएस का गढ़ है। यहां पर मुख्यालय है यहां पर मोहन भागवत बैठते हैं। वहां पर मुख्यमंत्री देवेंद्र का निर्वाचन क्षेत्र भी है। वहां हिंसा फैलाने की हिम्मत कौन कर सकता है? हिंदुओं को डराने और फिर उन्हें भड़काने के बाद उन्हें दंगों में शामिल करने का यह एक नया तरीका है। (Opposition on Nagpur Violence)
जिले में स्थिति शांतिपूर्ण: कलेक्टर
नागपुर हिंसा पर छत्रपति संभाजीनगर कलेक्टर दिलीप स्वामी ने कहा कि जिले में स्थिति शांतिपूर्ण है। कल बजरंग दल के सदस्यों ने हमें एक याचिका दी। जिले में पुलिस बल अलर्ट पर है। CP और मैं जिले के संवेदनशील इलाकों का दौरा कर रहे हैं। दौलताबाद और खुल्दाबाद के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात है। हमने लोगों से अफवाह न फैलाने का अनुरोध किया है। पुलिस सोशल मीडिया पर नज़र रख रही है। नागपुर सिटी पुलिस आयुक्त रविन्द्र सिंघल ने कहा कि शहर में शांतिपूर्ण स्थिति है हमने कुछ एरिया में कर्फ्यू लगाया है। स्थिति कंट्रोल में है और शांति बनी हुई है। हमने इस घटना में करीब 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है इसके अलावा जो CCTV, वीडियो या सोशल मीडिया में ऐसी हरकते करते हुए दिख रहे हैं या शांति भंग करते दिख रहे तो उन लोगों पर भी हम कार्रवाई कर रहे हैं। (Opposition on Nagpur Violence)



