छत्तीसगढ़ में नक्सलियों पर करारा प्रहार, मुठभेड़ में 30 ढेर, हथियारों का जखीरा बरामद
Naxal Encounter in Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में दो अलग अलग मुठभेड़ों में 30 नक्सली मारे गए हैं. बीजापुर जिले में 26 नक्सली मारे गए, जबकि कांकेर इलाके में बीएसएफ और राज्य पुलिस के डीआरजी कर्मियों की संयुक्त टीम ने चार माओवादियों को मार गिराया. बीजापुर में मुठभेड़ में एक पुलिस जवान भी शहीद हुआ है।
बीजापुर मुठभेड़ में 26 नक्सली ढेर
बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि बस्तर संभाग के अंतर्गत बीजापुर और कांकेर में अलग अलग मुठभेड़ चल रही है. बीजापुर मुठभेड़ में बीजापुर डीआरजी, सुकमा डीआरजी, कोबरा सीआरपीएफ बल शामिल रहा. बीजापुर दंतेवाड़ा सुकमा के सरहदी इलाके में मुठभेड़ हुई. इन इलाकों में पश्चिम बस्तर माओवादी डिवीजन कमेटी और पीएलजीए कंपनी नंबर 2 की मौजदूगी रहती है. बीजापुर की मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए हैं. वहीं एक बीजापुर डीआरजी जवान शहीद हुआ है. सुरक्षा बल लगातार सर्चिंग कर रहे हैं।
पुलिस ने बरामद किए ऑटोमैटिक हथियार
एक अन्य मुठभेड़ कांकेर और नारायणपुर जिलों की सीमा से सटे जंगलों में हुई. कांकेर पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि डीआरजी और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर थी, जब नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई. इसमें 4 नक्सली मारे गए और उनके पास से ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए. (Naxal Encounter in Chhattisgarh )
गृह मंत्री ने बताया नक्सल मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम
इस कार्रवाई पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सुरक्षा बलों ने नक्सल मुक्त भारत की ओर एक और बड़ी सफलता हासिल की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ कठोर नीति अपना रही है और जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है. 31 मार्च तक देश को नक्सल मुक्त बना दिया जाएगा.
अब तक 105 नक्सली मारे गए
छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक 105 नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें से 89 बस्तर डिवीजन में मारे गए हैं. बीजापुर और कांकेर जिले भी इसमें शामिल हैं. सुरक्षा बलों ने दोनों मुठभेड़ स्थलों पर सर्च ऑपरेशन जारी रखा है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. (Naxal Encounter in Chhattisgarh )




