छत्तीसगढ़ में 30 नक्सलियों का खातमा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई
Amit Shah on Naxalism: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबल के जवानों ने 2 अलग-अलग मुठभेड़ में 30 नक्सलियों को मार गिराया है। इसे लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 30 नक्सली मारे गए। मोदी सरकार नक्सलियों के खिलाफ रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।
यह भी पढ़ें:- नक्सलियों के खात्मे पर नेता प्रतिपक्ष महंत का सवाल, कहा- किसके लिए बिछाया जा रहा रेड कार्पेट ?
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारे जवानों को बड़ी सफलता मिली है। मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के समूल उन्मूलन की दिशा में निर्णायक अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। सुरक्षाबलों ने बीजापुर-गंगालूर और कांकेर-नारायणपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 नक्सलियों को मार गिराया। इनमें 26 नक्सली बीजापुर-गंगालूर में और 4 नक्सली कांकेर-नारायणपुर में ढेर हुए। मुख्यमंत्री साय ने इस सफलता को नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि सुरक्षाबलों की वीरता और अदम्य साहस को नमन है। (Amit Shah on Naxalism)
नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक युद्ध: CM साय
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई मजबूती से जारी है। यह संघर्ष तब तक नहीं रुकेगा, जब तक प्रदेश पूरी तरह से नक्सलमुक्त नहीं हो जाता। प्रदेश का हर नागरिक भयमुक्त जीवन जिएगा। नक्सलवाद की अंतिम घड़ी आ चुकी है। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जवानों की भुजाओं की ताकत पर बड़ा ऑपरेशन सफल हुआ है। बीजापुर नक्सलवाद का एक बड़ा क्षेत्र है। बस्तर और बीजापुर लाल आतंक से मुक्त होगा। समूचा बस्तर और बीजापुर अब बदल रहा है। शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए सरकार संकल्पित है। देश की सबसे अच्छी नक्सल पुनर्वास नीति हमने बनाई है, जिस पर उन्हें भरोसा कर वापस मुख्यधारा में लौटना चाहिए, हम नहीं चाहते एक भी गोली चले। (Amit Shah on Naxalism)



