बैसाखी पर निर्भर हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार: AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी
Owaisi on PM Modi: वक्फ (संशोधन) विधेयक को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच AIMIM प्रमुख और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में भाजपा के पास बहुमत नहीं है। यह सरकार बैसाखी पर है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, क्योंकि वे नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, चिराग पासवान और जयंत चौधरी की बैसाखी पर निर्भर हैं। अगर ये चार दल इस असंवैधानिक विधेयक का समर्थन नहीं करते हैं तो यह विधेयक कानून नहीं बन पाएगा, लेकिन अगर वे भाजपा का समर्थन करते हैं तो मैं उन्हें सावधान और चेतावनी दे रहा हूं कि मुसलमान उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
AIMIM प्रमुख ओवैसी ने कहा कि आप एक असंवैधानिक विधेयक का समर्थन कर रहे हैं, जो मुस्लिम वक्फ बोर्ड को हमेशा के लिए खत्म कर देगा, जो हमारी मस्जिदों, दरगाहों को छीन लेगा। कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि बिल पास होने से पहले लागू नहीं हो सकता है। अगर वक्फ बिल आता है तो उस पर चर्चा होने दीजिए। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि हम शुरू से ही एक बात कह रहे हैं कि जिनके कल्याण के लिए वो ये कानून ला रहे हैं, पहले भी वक्फ विधेयक में संशोधन किए गए हैं। अगर उनको लगता है कि ये संशोधन जरूरी तो जिनकी भलाई के लिए यह है, उस समाज को तो विश्वास में लें। उन्होंने JPC में विपक्ष के सदस्यों की राय को नहीं माना। उसे ऐसे नहीं थोपा जाना चाहिए। (Owaisi on PM Modi)
कांग्रेस नेता रावत ने भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता रावत ने कहा कि हम शुरू से ही कह रहे हैं कि यह (वक्फ संशोधन विधेयक) आवश्यक है और हमारे समय में भी वक्फ में संशोधन हुए थे, लेकिन सभी से परामर्श करने के बाद। वक्फ जिनके कल्याण के लिए लाया जा रहा है, वे लोग उसके विरोध में खड़े हैं।वक्फ जनकल्याण के लिए बनाया जा रहा है या फिर द्वेष पैदा करने के लिए यह केंद्र सरकार को तय करना है। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में सबको बोलने की आजादी है। किसी भी बिल का विरोध और समर्थन करने की आजादी है। मेरा सबसे अनुरोध है कि बिल में जो प्रावधान है, उसे अच्छे से पढ़कर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। (Owaisi on PM Modi)
वक्फ बोर्ड कोई वैधानिक संस्था नहीं: अवधेशानंद गिरि
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वक्फ विधेयक पर मुस्लिम नेता लगातार मुस्लिम समाज से झूठ बोल रहे हैं। वक्फ बोर्ड में हमने जो संशोधन किए हैं, उनमें 10,000 से ज्यादा मुस्लिम समाज के लोगों की शिकायते हैं। क्या मुस्लिम समाज की शिकायतों को इस देश में कानून नहीं देखेगा? मैं मुस्लिम समाज से कहना चाहूंगा कि ऐसे नेताओं की बातों में नहीं आइए जो आपको झूठ परोस रहे हैं। वक्फ बोर्ड और मजबूत होगा। कोई नाइंसाफी नहीं होगी। मुस्लिम समाज के बच्चों को उनका अधिकार मिलेगा। यह विधेयक मुसलमानों के हित में है। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि वक्फ बोर्ड कोई वैधानिक संस्था नहीं है, संविधान में इसका कोई उल्लेख नहीं है और यह अतिक्रमण करने वाली संस्था है, जहां तक औरंगजेब के मकबरे का सवाल है, औरंगजेब भारत और मुसलमानों के लिए कोई आदर्श व्यक्ति नहीं हो सकते हैं। (Owaisi on PM Modi)



