केंद्रीय गृहमंत्री शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच 86 नक्सलियों ने डाले हथियार, तेलंगाना में एक साथ किया सरेंडर

Naxalites Surrender in Telangana: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच तेलंगाना में 86 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर किया है। कोट्टागुंडम के पुलिस हेड क्वार्टर में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। पुलिस ने बताया कि सरेंडर करने वाले नक्सली बीजापुर और सुकमा जिले के है। सभी ने तेलंगाना के भद्राद्री कोट्टागुंडम जिला पुलिस हेड क्वार्टर में ऑपरेशन के तहत मल्टी जोन-1 के IG चंद्रशेखर रेड्डी के सामने सरेंडर किया है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के खिलाफ अवैध वसूली, आदिवासी क्षेत्रों के विकास में बाधा पहुंचाने समेत कई गंभीर अपराध दर्ज है।
यह भी पढ़ें:- जहां पहले बंदूक की गोली की आवाज आती थी, वहां अब स्कूल की घंटियां बजती है: CM विष्णुदेव साय
पुलिस के मुताबिक नक्सलवाद को छोड़कर जीवन की मुख्यधारा में लौटने वाले नक्सलियों को सरकार की ओर से सहायता राशि दी जाएगी। भद्राद्री कोट्टागुंडम जिले के SP रोहित राज, मुलुग जिले के ASP शिवम उपाध्याय और पुलिस अधिकारियों के सामने 20 महिलाएं और 66 पुरुष नक्सलियों ने सरेंडर किया है। बता दें कि पिछले चार महीनों के अंदर जिलेभर में 66 नक्सली गिरफ्तार, 203 ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले 4 एसीएम सदस्य को 4-4 लाख और बाकी 82 को 25 हजार रुपए का चेक दिया गया। (Naxalites Surrender in Telangana)
सुकमा में चार नक्सली सरेंडर
वहीं कल सुकमा में पीएलजीए बटालियन के चीफ बारसे देवा के भाई बारसे सन्ना समेत चार नक्सलियों ने सरेंडर किया था। सरेंडर करने वाले 2 नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपए और एक पुरुष समेत एक महिला नक्सली पर 2-2 लाख रुपए यानी कुल मिलाकर 20 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को शासन के नए पुनर्वास नीति 2025 के तहत 50-50 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और कपड़े प्रदान किए गए। इसके अलावा इन लोगों को नियमानुसार दूसरी सुविधाएं भी प्रदान की जाएगी। बता दें कि जवानों ने पश्चिम बस्तर डिवीजन के कंपनी नंबर 2 के दोनों प्लाटूनों का सफाया कर दिया है। (Naxalites Surrender in Telangana)



