Google Analytics —— Meta Pixel

सत्ता पाने के लिए हमने विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं किया: JP नड्डा

Nadda on Foundation Day: केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अन्य नेताओं ने BJS की उत्तराधिकारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस पर भारतीय जनसंघ (BJS) के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम भारतीय जनता पार्टी का 46वां स्थापना ​दिवस मना रहे हैं। मेरी ओर से और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से आप सभी को स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज रामनवमी भी है, आप सभी को रामनवमी की भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें:- हमारी सरकार बनने पर वक्फ संशोधन कानून को कूड़ेदान में फेंकेंगे: RJD नेता तेजस्वी यादव

नड्डा ने कहा कि हम सब लोग राष्ट्र के पुनर्निर्माण में एक राजनीतिक आंदोलन के रूप में इस सफर में अपने-आप को शामिल करते हैं। इसलिए हमें याद रखना चाहिए कि 1951 में भारतीय जनसंघ के रूप में हमारी राजनीतिक आंदोलन की यात्रा शुरू हुई। राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए 1977 में कुछ समय के लिए हम जनता पार्टी में शामिल हुए और 1980 में अपने वैचारिक वैशिष्ट्य को लेकर ‘भारतीय जनता पार्टी’ के रूप में इस आंदोलन को आगे बढ़ाया। हम वोट के खातिर इधर से उधर डिगे नहीं, सत्ता पाने के लिए हमने विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं किया। भाजपा अकेली राजनीतिक पार्टी है, जिसने वैचारिक अधिष्ठान को अडिग रखा है और उसी की ताकत से आगे बढ़ रही है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने नेहरू के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया, इस विश्वास से प्रेरित होकर कि एक देश दो कानूनों और संविधानों के तहत काम नहीं कर सकता। (Nadda on Foundation Day)

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मौत का जिक्र

उन्होंने कहा कि हमारी यात्रा 1951 में शुरू हुई और 1953 में उन्होंने सत्याग्रह में भाग लिया और श्रीनगर की जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई। उनकी मां द्वारा उनकी मृत्यु की जांच के लिए अपील के बावजूद नेहरू ने उनके अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया। हालांकि हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं ने लड़ाई को आगे बढ़ाने की कसम खाई। 1965 में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी ने एकात्म मानवदर्शन का व्याख्यान दिया था। हमारा उस समय मजाक उठता था क्योंकि कार्ल मार्क्स के चश्मे से देखने वाले लोग एकात्म मानववाद सोच सके ये कल्पना से बाहर था और कांग्रेस का धीरे-धीरे वैचारिक कमजोर पड़ना शुरू हो चुका था, लेकिन भाजपा ने एकात्म मानववाद को आगे बढ़ाया और मोदी जी के नेत्तृव में “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास” के रूप में अंत्योदय को आगे बढ़ाया गया। (Nadda on Foundation Day)

शाहबानो मामले को लेकर कांग्रेस को घेरा

केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि हमने हमेशा राष्ट्र को हर चीज से ऊपर रखा है, किसी व्यक्ति या विशेष हितों के पक्ष में काम नहीं किया है। शाहबानो मामले में राजीव गांधी सरकार मुस्लिम समुदाय के कुछ वर्गों के दबाव में आकर तुष्टीकरण की राजनीति में फंस गई। सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुस्लिम महिलाओं की मुक्ति के आह्वान के बावजूद, किसी में निर्णायक कार्रवाई करने का साहस नहीं था। दिलचस्प बात यह है कि अधिकांश मुस्लिम बहुल देशों ने पहले ही तीन तलाक की प्रथा को समाप्त कर दिया था, फिर भी यह भारत में जारी रहा। आखिरकार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने तीन तलाक को समाप्त करके एक ऐतिहासिक कदम उठाया, जिससे मुस्लिम महिलाओं को सशक्त और स्वतंत्र बनाया गया। (Nadda on Foundation Day)

हम वक्फ बोर्ड को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं कर रहे: नड्डा

उन्होंने कहा कि 1987-88 में पालमपुर के अधिवेशन में आडवाणी जी की अध्यक्षता में एक प्रस्ताव पारित हुआ कि हम राम जन्मभूमि मंदिर बनने के रास्ते को प्रशस्त करेंगे। आपने देखा लंबी लड़ाई के बाद आज भव्य राम मंदिर बना। हम वक्फ बोर्ड को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य बस यह सुनिश्चित करना है कि इसे प्रबंधित करने वाले लोग कानून के दायरे में काम करें और स्थापित नियमों का पालन करें। वक्फ बोर्ड की संपत्ति और धन मुस्लिम समुदाय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित किया जाएगा। नड्डा ने कहा कि भाजपा ने ट्रिपल तलाक को खत्म करके और देश में सीएए को लागू करके देशहित में काम किया है। (Nadda on Foundation Day)

मोदी सरकार के योजनाओं का जिक्र

केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कि चाहे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना हो, आयुष्मान भारत योजना हो, उज्ज्वला योजना हो, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में हमने गांव, गरीब, महिला, आदिवासी सबकी चिंता की है। हमारी जिम्मेदारी 2047 तक विकसित भारत का निर्माण है, इसके लिए हम सभी को आगे बढ़ने की जरूरत है। आज हमारे विरोधी भी भारतीय जनता पार्टी को ‘दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी’ के अलंकार के साथ कहते हैं। कई बार हमें देखना चाहिए कि हमारे विरोधी हमारी ताकत किस तरह पहचानते हैं। भारतीय जनता पार्टी का जो ताज आज दिख रहा है, हमारे संगठन के पितृपुरुष उसकी नींव के पत्थर रहे हैं। हमने तय किया कि हम अधिनायकवाद से बाहर निकलेंगे। आज राजपथ कर्तव्यपथ बन गया, वहां सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति विराजमान हो गई। इधर, गुजरात के अहमदाबाद में भाजपा के स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पत्नी सोनल शाह के साथ भारतीय जनसंघ (BJS) के संस्थापकों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। (Nadda on Foundation Day)

Back to top button
error: Content is protected !!