जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले पर राजनीति, विपक्ष ने व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

Politics on Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। इस बीच राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पहलगाम में जो घटना हुई है, जिस तरह आतंकवादियों ने गोली चलाकर कई लोगों को मार डाला। इस घटना से हम आहत हैं। इससे पहले कभी भी पर्यटकों पर हमला जम्मू-कश्मीर में नहीं किया गया था। हम चाहते हैं कि सरकार, सेना, जांच एजेंसियां पूरी मजबूती के साथ कार्रवाई करें और भय मुक्त वातावरण बनाने के लिए जो कदम उठाने हैं, वो जरूर उठाएं, लेकिन पहलगाम पहले से हाई सिक्योरिटी जोन में था। इसके बावजूद ये घटना कैसे हुई, ये जांच एजेंसियां और सरकार ही बता पाएंगी। पूरा देश एक साथ खड़ा है, हम चाहते हैं कि उन लोगों को न्याय मिले, जिनकी जान गई है।
यह भी पढ़ें:- रॉबर्ट वाड्रा पर रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया के परिजन का फूटा गुस्सा, कहा- कांग्रेस ने हमेशा की है राजनीति
RJD नेता मनोज झा ने कहा कि सच कहूं तो मैं बोलने की स्थिति में नहीं हूं। आपने ये क्या किया है? बर्बर हिंसा, आतंकवाद। इन मासूम लोगों का क्या कसूर था? पुलवामा के बाद दूसरी ऐसी घटना है, जो रोंगटे खड़े कर देती है। भारत निशाने पर है। कोई राजनीतिक दल नहीं, कोई सरकार नहीं, ये भारत की अस्मिता पर हमला है। इसकी भरपाई की जाएगी। पूरा देश अपनी सरकार और अपनी सेनाओं के साथ है। आज कोई सवाल नहीं पूछना है। दिल नहीं कर रहा है। रोंगटे खड़े हो रहे हैं। सोच कर देखिए उन घरों पर क्या बीत रही होगी? किसी का पति, किसी का बेटा, टूरिस्ट थे, जो छुट्टी मनाने गए थे, चिराग बुझ गए। इस बर्बर हिंसा से आपको क्या हासिल होगा? आपने भारत की अखंडता पर हमला करने की कोशिश की, सुरक्षा पर हमला करने की कोशिश की, कश्मीर की अर्थव्यवस्था पर हमला करने की कोशिश की है। ये मौतें जाया नहीं जाएंगी। (Politics on Terror Attack)
हम एकजुट होकर आतंकवाद का सफाया करेंगे: शुक्ला
कांग्रेस सांसद और BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि जो हमला पहलगाम में हुआ है उसने हमारे दिमाग में एक सोच बना दी है कि अब आतंकवादियों को पूरी तरह समाप्त करने का वक्त आ गया है। हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं। देश को 140 करोड़ लोग एकजुट होकर आतंकवाद का सफाया करेंगे।, जिस तरह से निर्दोष लोगों की हत्या की गई है उसकी जितनी कड़े शब्दों में निंदा की जाए कम है। कायरों की तरह आए और मार कर चले गए। ये भारत बर्दाशत नहीं करेगा। (Politics on Terror Attack)
जिन्होंने जान गंवाई उन्हें स्वर्ग में जगह मिले: हामिद कर्रा
कांग्रेस नेता कर्ण सिंह ने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ की पर्यटकों पर सीधा हमला हुआ हो। इंसानियत होनी चाहिए। यह बहुत ही भयंकर घटना है। बहुत दुख होता है। हम संवेदना प्रकट करते हैं। मेरी मांग है कि इसका उचित जवाब दिया जाए। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी और जम्मू कश्मीर की तमाम कांग्रेस इस घटना की निंदा करती है। जिन लोगों ने जान गंवाई है, प्रार्थना है कि उन्हें स्वर्ग में जगह मिले। इस दिल दहला देने वाली घटना के ऊपर कांग्रेस कोई राजनीति नहीं करेगी। हम उन पीड़ित परिवारों के दुख में शामिल हैं जिन्होंने अपने परिजनों को खोया।(Politics on Terror Attack)
हर जिले और कस्बे में कैंडल मार्च निकालेंगे: वारिंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता निंदा प्रस्ताव लेकर आए हैं। सबने यह तय किया है कि हम पूरे पंजाब के हर जिले और कस्बे में कैंडल मार्च निकालेंगे, जिसका उद्देश्य शांति का संदेश देना होगा। कभी भी भारत को या सरकार को हमारी जरूरत हो तो हम अपनी जान भी कुर्बान कर देंगे, लेकिन देश को आंच नहीं आएगी। यह दिल दहला देने वाली घटना थी। पहले कभी इस प्रकार की घटना देखने को नहीं मिली। हमें उम्मीद है कि ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा। कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने कहा कि यह एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना है। मेरी पार्टी सरकार के साथ खड़ी है। मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि वह सर्वदलीय बैठक बुलाए। मैंने पीड़िता के परिजनों से बात की है।
सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए: शिवकुमार
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। कश्मीर में शांति बहाल होनी चाहिए। हम इस पर राजनीति नहीं करना चाहते। हम देश को सुरक्षित देखना चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूरा देश इस समय शोक मना रहा है। इस प्रकार की घटना निंदनीय है। पर्यटक वहां घूमने गए थे, जिन्हें यह आशंका भी नहीं थी कि वे अपने घर वापस नहीं जा पाएंगे। हिमाचल प्रदेश सरकार उन परिवार जनों के साथ है, जिनके साथ यह घटना हुई है। हमारी संवेदना उन पीड़ित परिवारों के साथ है। भगवान से हम उनकी आत्मा की शांति चाहते हैं। इस प्रकार की वारदात नहीं होनी चाहिए। एकजुटता का परिचय देते हुए हम सभी लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। (Politics on Terror Attack)
इंतजाम ठीक से होते तो ये घटना नहीं होती: लल्लू
ओडिशा कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सभी लोग शोक और गम में डूबे हुए हैं, मृतक के परिवारों के प्रति मैं अपनी शोक संवेदना प्रकट करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हो। 2000 से ज्यादा लोग वहां पर घूमने गए थे और मीडिया में मैंने सूना कि किसी तरह की वहां पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। इसकी जिम्मेदारी किसकी थी? अगर सुरक्षा के इंतजाम ठीक से होते तो ये घटना नहीं होती। राहुल गांधी भी अमेरिका से वापस भारत आ रहे हैं। मेरा सरकार से अनुरोध है कि इस मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए, जो लोग इसमें शामिल है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। (Politics on Terror Attack)
पहली बार कश्मीर के लोग आतंकवादियों के खिलाफ बोल रहे: गुलाम
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आज़ाद ने कहा कि इस घटना की जितनी निंदा, विरोध की जाए वो कम है। पहले लोग ऐसी घटनाओं की निंदा कम ही करते थे। शायद इसलिए क्योंकि उन्हें डर था कि अगर वे आतंकवादियों के खिलाफ बोलेंगे तो उनकी जान को खतरा हो सकता है, लेकिन आज पूरा हिंदुस्तान इस घटना की निंदा कर रहा है पूरा जम्मू-कश्मीर शोक में है ये मैं पहली बार देख रहा हूं, कल हुई घटना के जवाब में जम्मू-कश्मीर का हर गांव, जिला और शहर बंद है। यह पहली बार है जब मैं देख रहा हूं कि मस्जिदों में सभी इमाम आतंकवादियों के खिलाफ बोल रहे हैं। (Politics on Terror Attack)
आतंकवाद के खिलाफ कठोरतम कदम चाहिए: मीर
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि हाल के दिनों में, कई सालों बाद, इतनी बड़ा दुस्साहस से भरा, कायरतापूर्ण, बुज्दिलाना हमला किया गया है, जिसमें 28 निर्दोष लोगों की जान गई है। मैं इसकी कठोरतम शब्दों में निंदा करता हूं। साथ ही मैं उन सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देता हूं और उनके परिवार के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। सवाल यह है कि जिस जगह यह घटना हुई वह पहलगाम के मुख्य स्थान से हटकर है। वहां पर इतनी देर तक, चुन-चुन कर लोग मारे जा रहे थे, लेकिन वहां कोई सुरक्षा नहीं थी? पूरा राष्ट्र एकजुट है और आतंकवाद के खिलाफ कठोरतम कदम चाहता है। कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि ये घटना दुखद है इस तरह के हादसे में किसी की भी जान जाना, चाहे वह कही का भी हो, ये हम सबके लिए दुख की घड़ी है। ये गंभीरता का विषय है तो सभी लोगों को इसे गंभीरता से देखना पड़ेगा। (Politics on Terror Attack)
पाकिस्तान के आर्मी चीफ पर निशाना
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि ये बहुत ही भयानक घटना है और इस घटना में जो हताहत हुए हैं उनके परिवारों के प्रति मैं संवेदना प्रकट करता हूं और आशा करता हूं कि जम्मू-कश्मीर की सरकार वहां पर जो लोग हैं और जो घायल हुए हैं उनके लिए सभी व्यवस्था करेगी।इसके पीछे पाकिस्तान का षड्यंत्र है।.अभी तक कई घटनाएं हुई लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है।मैं आशा करता हूं कि भारत सरकार इसको गंभीरता से लेगी और इसमें कठोर कदम उठाएगी और मैं तो ये भी चाहता हूं कि पाकिस्तान के आर्मी चीफ को भी आतंकी घोषित करना चाहिए क्योंकि उनके बयान के बाद ऐसा होना तो ये बहुत ही भयानक षड्यंत्र है। (Politics on Terror Attack)
NCP (SCP) सांसद सुप्रिया सुले की प्रतिक्रिया
NCP (SCP) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि हम सभी का प्रयास है कि वहां मौजूद सभी लोगों को उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाया जाए। जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ हम कल पूरी रात संपर्क में थे और अभी भी हैं। मेरी सरकार से विनती है कि आगामी 2-4 दिनों में जब तक सभी पर्यटक वापस ना आ जाएं तब तक रेलवे या अन्य परिवहन माध्यमों का किराया कम करें। मुझे लगता है कि जब तक केंद्रीय गृह मंत्रालय का आधिकारिक बयान नहीं आता तब तक हम सभी को बहुत सावधानीपूर्वक टिप्पणी करनी चाहिए। सभी लोग डरे हुए हैं, चिंतित हैं। यह अभी ‘तू-तू मैं-मैं’ का समय नहीं है। हम केंद्र सरकार से जरूर सवाल पूछेंगे, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा हमारे लिए बहुत मायने रखती है। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है। देश का नेतृत्व इस पर गंभीरता से सोच रहा है और पीएम मोदी भी अपनी यात्रा छोड़कर आए हैं मुझे उम्मीद है कि जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Politics on Terror Attack)



