राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के दूसरे नेता पाकिस्तानी मीडिया के हीरो हैं: भाजपा सांसद संबित पात्रा

Sambit Patra on Congress: कांग्रेस के ‘गायब’ पोस्टर को लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह INDI गठबंधन नहीं है, यह रावलपिंडी गठबंधन है। आज से हम इन्हें INDI गठबंधन नहीं कहेंगे, हम इन्हें ‘पिंडी’ गठबंधन कहेंगे। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के दूसरे नेता पाकिस्तानी मीडिया के हीरो हैं। मुझे लगता है कि वह दिन दूर नहीं जब इस ‘पिंडी’ गठबंधन के लोग पाकिस्तान में चुनाव लड़ेंगे। इस पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी तय नहीं कर पा रही है कि निशाना किसको बनाए, कांग्रेस पार्टी को निशाना बनाए या आतंकवादी को या पाकिस्तान को बनाए। आज इस स्थिति में निशाना एक ही होना चाहिए, आतंकवादियों के खिलाफ हमें लड़ना चाहिए और पाकिस्तान को सही जवाब देना चाहिए। वे कांग्रेस पार्टी को जबरदस्ती निशाना बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- पूरी दुनिया देखेगी भारतीय सेना पाकिस्तान को कैसे सबक सिखाती है: कैबिनेट मंत्री अनिल विज
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि हम 22 तारीख से कह रहे थे कि सर्वदलीय बैठक हो। दो दिन बाद सर्वदलीय बैठक हुई, लेकिन पीएम बैठक में मौजूद नहीं थे। पहलगाम हमले के पीछे पाकिस्तान है और उसको जवाब देना हमारा फर्ज है। कांग्रेस सरकार के साथ है। राहुल गांधी और खरगे जी ने पीएम को पत्र लिखाकर संसद का विशेष सत्र बुलाने को कहा, लेकिन इसका जवाब नहीं आया। संवेदनशील समय में राष्ट्र के मुद्दों को लेकर हम सबको एक होना चाहिए, एकजुटता की जरूरत है हमने ऐसे समय में कभी राजनीति नहीं की जैसे बीजेपी कर रही है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह इस बात का उदाहरण है कि कांग्रेस पार्टी कितना नीचे गिर सकती है। चाहे कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का बयान हो या फिर कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं का बयान, पाकिस्तान को इससे बहुत उत्साह मिला, बाद में उन्हें अहसास हुआ कि उनसे गलती हुई है तो उन्होंने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी।
ओडिशा के डिप्टी CM कनक ने साधा निशाना
ओडिशा के डिप्टी CM कनक वर्धन सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस की हर समय गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी करने की पुरानी आदत है, जिस समय में देश को एक होकर खड़ा होना चाहिए, उस समय इस तरह की बाते वो करते हैं। एक तरफ वो कह रहे हैं कि हम देश के साथ खड़े हैं और दूसरी तरफ उनके एक्शन कुछ और बताते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस का पोस्ट दुभार्ग्यपूर्ण हैं। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस पार्टी मानसिक दिवालियापन पर चल रही है, जो भाषा पाकिस्तान का मीडिया ISI के इशारे पर बोल रहा है। वहीं भाषा हमारे देश में कांग्रेस के नेताओं की भाषा है। ये दुभार्ग्यपूर्ण है। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस पार्टी के गठबंधन में ISI एक नया दल जुड़ गया है। (Sambit Patra on Congress)
कांग्रेस के पोस्ट अमर्यादित: नित्यानंद राय
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पहलगाम की घटना दुखद है और प्रधानमंत्री मोदी स्पष्ट शब्दों में स्पष्ट रूप से स्पष्ट संदेश दे चुके हैं। पूरा देश एकजुट है। कांग्रेस अपने सोशल मीडिया के जरिए कुछ ऐसे पोस्ट कर रहे हैं, जो अमर्यादित हैं। अभी देश को एकजुट होकर आतंकवादियों को खत्म करने का और आतंकवादियों के आकाओं को सबक सिखाने का समय है और इसका संदेश प्रधानमंत्री मोदी दे चुके हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जितना जीवंत संपर्क में रहे हैं शायद ही देश का कोई प्रधानमंत्री रहा हो। नॉर्थ ईस्ट को लोगों ने काट दिया था। प्रधानमंत्री कई बार नॉर्थ ईस्ट गए और लोगों से संपर्क करते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं से, देश के किसानों से, देश के मजदूरों से इतना जीवंत रहे हैं जितना शायद आज तक कोई प्रधानमंत्री नहीं रहा हो। (Sambit Patra on Congress)
कांग्रेस ने नेताओं के लिए जारी किए दिशा-निर्देश
इधर, कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले के संबंध में नेताओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक पत्र के माध्यम से निर्देश दिया है कि सभी पदाधिकारियों को सार्वजनिक संचार में अत्यधिक अनुशासन और निरंतरता बनाए रखने का निर्देश दिया जाता है। पार्टी की ओर से बोलने के लिए अधिकृत लोगों को 24 अप्रैल 2025 को पारित प्रस्ताव में सीडब्ल्यूसी द्वारा बताई गई स्थिति तक ही सीमित रहना चाहिए। इस निर्देश का कोई भी उल्लंघन बिना किसी अपवाद के सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई को आमंत्रित करेगा। आइए हम कांग्रेस पार्टी के मूल्यों और परंपराओं के प्रति सचेत रहें और उस गरिमा और संयम के साथ इस अवसर पर खड़े हों जिसकी राष्ट्र हमसे अपेक्षा करता है। (Sambit Patra on Congress)



