शरबत जिहाद विवाद : ऐसा लगता है कि आप किसी के कंट्रोल में नहीं, अलग दुनिया में रहते हैं, बाबा रामदेव पर HC की सख्त टिप्पणी

Sharbat Jihad controversy : दिल्ली हाईकोर्ट ने बाबा रामदेव को फटकार लगाते हुए कहा कि वे अपनी ही दुनिया में जीते हैं और किसी के नियंत्रण में नहीं हैं. यह तब हुआ जब कोर्ट को बताया गया कि रामदेव ने हमदर्द के रूह अफजा के खिलाफ फिर से एक वीडियो प्रकाशित किया है. कोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि वे पिछले आदेश की अवमानना कर रहे हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने पतंजलि और रामदेव को चेतावनी दी कि वह उनके खिलाफ अवमानना का नोटिस जारी करेगा.
यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री साय की पहल से छत्तीसगढ़ के बर्खास्त बीएड शिक्षकों के जीवन में लौटी खुशियाँ, सहायक शिक्षकों ने जताया आभार
दरअसल, कोर्ट को बताया गया कि स्वामी रामदेव ने फिर से रूह अफजा के खिलाफ टिप्पणी वाला वीडियो जारी किया है. जस्टिस अमित बंसल ने कहा कि वह अपनी ही दुनिया में रहते हैं. रामदेव के लिए पेश हुए सीनियर वकील राजीव नायर ने कहा कि हलफनामे में पैरा 3 महत्वपूर्ण है जहां वे कहते हैं, “मैं धर्मों के बीच भेद नहीं करता…”
पहले भी कोर्ट लगा चुकी है फटकार
अदालत ने पिछली बार कहा था कि हमदर्द के रूह अफ़ज़ा पर रामदेव की शरबत जिहाद वाली टिप्पणी अनुचित है और इसने उसकी अंतरात्मा को झकझोर दिया है, जिसके बाद योग गुरु ने आश्वासन दिया था कि वह संबंधित वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट तुरंत हटा देंगे. हमदर्द के वकील ने दावा किया कि पतंजलि के गुलाब शरबत का प्रचार करते हुए रामदेव ने आरोप लगाया कि हमदर्द के रूह अफ़ज़ा से अर्जित धन का इस्तेमाल मदरसों और मस्जिदों के निर्माण में किया गया.
बाबा रामदेव की टिप्पणी
रामदेव बाबा ने ये विवादित टिप्पणी (Sharbat Jihad controversy) इस महीने की शुरुआत में तब की थी जब उन्होंने पतंजलि के गुलाब शरबत को लॉन्च किया था. लॉन्च के दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि एक कंपनी है जो आपको शरबत देती है, लेकिन इससे जो पैसा मिलता है उसका इस्तेमाल मदरसे और मस्जिद बनाने में किया जाता है.
उन्होंने कहा था कि अगर आप वह शरबत पिएंगे तो मदरसे और मस्जिद बनेंगे. लेकिन अगर आप पतंजलि के गुलाब शरबत का जिक्र करते हुए पिएंगे तो गुरुकुल बनेंगे, आचार्य कुलम विकसित होगा, पतंजलि विश्वविद्यालय का विस्तार होगा और भारतीय शिक्षा बोर्ड बढ़ेगा. (Sharbat Jihad controversy)



