Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा, छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल ने PM मोदी से किए सवाल

CWC on Terror Attack: दिल्ली में आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक (CWC) में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें कहा गया कि कांग्रेस कार्यसमिति पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले 26 परिवारों के साथ एकजुटता और संवेदना के साथ खड़ी है। इन परिवारों का दर्द पूरे राष्ट्र का दर्द है। कांग्रेस कार्य समिति केवल शब्दों में ही नहीं, बल्कि स्थायी एकजुटता के साथ उनके साथ खड़ी है। पूरा देश आज जवाबदेही, स्पष्टता और न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। इस अक्षम्य और उकसावे भरे हमले के मद्देनजर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मानती है कि यह राजनीति करने का समय नहीं है, यह वह क्षण है जब देश को एकजुटता, दृढ़ता और राष्ट्रीय संकल्प दिखाना चाहिए। हमें राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर यह स्पष्ट संदेश देना होगा कि भारत एकजुट है और किसी भी परिस्थिति में उसकी एकता को कमजोर नहीं किया जा सकता।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की हुई बैठक, खड़गे ने केंद्र सरकार से किए कई सवाल

CWC में कहा गया कि यह समय हमारे राष्ट्रीय संकल्प को प्रदर्शित करने का है ताकि हम पाकिस्तान को सबक सिखा सकें और आतंकवाद पर निर्णायक रूप से लगाम लगा सकें। इस कायरतापूर्ण हमले के साजिशकर्ताओं और अपराधियों को उनके कृत्य के पूर्ण परिणाम भुगतने चाहिए। कांग्रेस पार्टी भारत सरकार से आग्रह करती है कि वह मजबूती, रणनीतिक स्पष्टता और अंतरराष्ट्रीय समन्वय के साथ कार्य करे, ताकि पाकिस्तान को हमारे देश में आतंक फैलाने के उसके निरंतर प्रयासों के लिए वैश्विक मंच पर अलग-थलग और दंडित किया जा सके। कांग्रेस कार्य समिति यह भी मांग करती है कि पीड़ित परिवारों को दीर्घकालिक नैतिक और संस्थागत सहायता दी जाए। केवल मुआवजा पर्याप्त नहीं है, दीर्घकालिक पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, और शहीदों की स्मृति को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और नागरिक स्मरण के माध्यम से जीवित रखना भी उतना ही आवश्यक है। (CWC on Terror Attack)

स्पष्ट जवाबदेही तय किया जाना चाहिए: कांग्रेस

कांग्रेस ने कहा कि CWC इस देश के अत्यंत सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में हुई इस घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए, उसकी समयबद्ध और स्पष्ट जवाबदेही तय किए जाने की अपनी पूर्व मांग को दोहराती है। देश की जनता को पारदर्शिता और जवाबदेही मिलनी चाहिए, यह उनका अधिकार है। कांग्रेस कार्य समिति सभी नागरिकों से शांति, एकता और संकल्प बनाए रखने की अपील करती है। इस आतंकवादी कृत्य के प्रति हमारी प्रतिक्रिया, हमारे लोकतंत्र की ताकत, हमारी एकता की गहराई और हमारे गणराज्य की दृढ़ता का प्रतीक होनी चाहिए। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि इससे पहले हुई CWC की बैठक के बाद सरकार को ये आश्वासन दिया गया था कि सरकार आतंक के खिलाफ-देश की एकता और अखंडता के लिए जो भी निर्णय लेगी, कांग्रेस उनके साथ है। ये एक बहुत बड़ा संकट है, जिसमें हुई सुरक्षा की चूक को देखने की जरूरत है। (CWC on Terror Attack)

पाकिस्तान के खिलाफ कब कार्रवाई होगी: कांग्रेस

उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में जिनकी जान गई है, सरकार उनके परिवारों को उचित मुआवजा दे, उनके री-रिहैबिलिटेशन की बात करे, उनके परिवार के लिए सरकार आगे आए। आज देश को सुरक्षित रखने में सरकार की क्षमता पर सवाल खड़े हो गए हैं। पूरा देश इंतजार कर रहा है कि पाकिस्तान जैसे देश, जो आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं- सरकार उनके ऊपर कब कार्रवाई करेगी? हमारी मांग है कि सरकार आगे बढ़े और जिन लोगों ने हमारे देश में आतंक फैलाया है, उनके ऊपर कार्रवाई करे। इस मामले में कांग्रेस, सरकार के साथ है। हमारे जिन लोगों ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाई है, उनके परिवारों को मुआवजा और उनके री-रिहैबिलिटेशन के लिए काम किया जाए। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने कहा कि पहलगाम की घटना ने पूरे देश-दुनिया को झकझोर दिया है। इस घटना के बाद पूरा देश एक साथ खड़ा हुआ, पूरा विपक्ष सरकार का साथ देने के लिए तैयार है। जो भी सरकार कदम उठाए, हम सरकार के साथ हैं, लेकिन सवाल है- प्रधानमंत्री जी क्या कदम उठा रहे हैं? (CWC on Terror Attack)

बघेल ने की झीरमकांड की तुलना 

बघेल ने कहा कि मुझे 12 साल पुरानी छत्तीसगढ़ की घटना याद आती है, वहां नक्सलियों ने हमारे नेताओं को नाम पूछ-पूछ कर मारा। अब पहलगाम में भी धर्म पूछकर लोगों को मारा गया है। दोनों घटनाओं में आतंक फैलाना उद्दश्य नहीं था, बल्कि सामाजिक स्तर पर गहरा प्रभाव छोड़ना था, लेकिन भारत की जनता एक साथ है और सवाल है कि सरकार क्या निर्णय लेती और क्या कार्रवाई करती है। राहुल गांधी हमेशा से जातिगत जनगणना की बात करते रहे हैं। केंद्र सरकार अचानक से ये निर्णय लेगी ये हमने नहीं सोचा था, सरकार सच में जातिगत जनगणना कराना चाहती है या सिर्फ ध्यान भटकाना चाहती है? कांग्रेस पार्टी और राहुल लगातार अभियान चलाते रहे हैं, सरकार का ये फैसला लेना हमारी जीत है। महिला आरक्षण की तरह इस फैसले का भी हाल नहीं होना चाहिए, जातिगत जनगणना के नाम पर एक कॉलम लिख देने से कुछ नहीं होगा। हमारी मांग है कि हर एक व्यक्ति की शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक स्थिति का आंकलन होना चाहिए। आरक्षण से 50% की सीमा हटनी चाहिए, तभी सही मायने में सामाजिक न्याय की बात पूरी होगी। (CWC on Terror Attack)

Back to top button
error: Content is protected !!