आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM Modi on Terrorism: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम आतंकवादियों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में अंगोला के समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हैं। हम एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति राष्ट्रपति लोरेंसू और अंगोला की संवेदनाओं के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।
यह भी पढ़ें:- अंगोला की सशस्त्र सेनाओं की ट्रेनिंग में सहयोग करने में खुशी होगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
वहीं पहलगाम आतंकी हमले पर राजस्थान के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ये स्पष्ट कर दिया है कि भारत के ऊपर जो आंख उठाकर देखेगा उसे करारा जवाब दिया जाएगा। समय और स्थान यह भारत की सेना तय करेगी लेकिन जो कायराना हमला भारत पर किया गया है उसका ऐसा करारा जवाब दिया जाएगा जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। हमें साइबर स्तर पर भी ध्यान रखना होगा, क्योंकि हमले केवल शारीरिक नहीं होते, साइबर स्तर पर भी होते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से जो भी कदम सरकार उठा रही है, उस कदम का हम स्वागत करते हैं। देश सर्वोपरि है, देश सुरक्षित रहेगा तभी देश में रहने वाले 140 करोड़ लोग सुरक्षित रहेंगे। सरकार के जो प्रयास हैं वह देशहित में हैं। (PM Modi on Terrorism)
आतंकवादी हमला सबसे काले दिनों में से एक: पवन कल्याण
आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमला पूरे देश के लिए सबसे काले दिनों में से एक रहा है। हमने पीड़ितों के दर्द को व्यक्तिगत रूप से देखा है। प्रधानमंत्री मोदी इस कठिन समय में देश का नेतृत्व कर रहे हैं और उन्होंने सभी नागरिकों को आतंकवाद के अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मैं जानता हूं कि यह बहुत संवेदनशील समय है। इस अत्यंत कठिन क्षण के बीच भी मोदी जी ने समय निकाला और आज अमरावती आए। यह आंध्र प्रदेश के लोगों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि इस कायराने हमले पर भारत चुप नहीं बैठेगा, जो लोग इसमें शामिल थे उन्हें दंड मिलेगा और वह दंड अकल्पनीय होगा। भारत सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अपराधियों को कड़े से कड़ा दंड देगी। (PM Modi on Terrorism)
रविंदर रैना ने किया सीमावर्ती इलाकों के गांवों का दौरा
भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि मैंने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों के गांवों का दौरा किया है, जो LoC से सटे हैं। पाकिस्तान लगातार भारतीय क्षेत्र में गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। पाकिस्तान राजौरी, पुंछ, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी, अखनूर और कुपवाड़ा के इलाकों में भारतीय सीमा की ओर गोलीबारी कर रहा है। भारतीय सेना ने इस संघर्ष विराम का कड़ा, मुंहतोड़ जवाब दिया है। जम्मू-कश्मीर के लोग सेना और पुलिस के साथ मिलकर पाकिस्तान की हर साजिश और नापाक इरादे को नाकाम कर देंगे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि निश्चित रूप से हमारे देश की सेना हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उचित समय पर उचित निर्णय जरूर लेगी। (PM Modi on Terrorism)
पाकिस्तान का हमला आखिरी होगा: शिंदे
महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि PM मोदी ने कहा कि ऐसा जवाब देंगे कि पाकिस्तान फिर से भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। इसलिए ये पाकिस्तान का हमला आखिरी होगा और पीएम मोदी पाकिस्तान का नामों निशान मिटाने का काम करेंगे। महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजीत पवार ने कहा कि पहलगाम में हुआ हमला बेहद दुखद था और केंद्र और राज्य सरकारें लगातार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही हैं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में महाराष्ट्र के छह लोगों की जान चली गई। हमने पिछली कैबिनेट मीटिंग में कुछ निर्णय लिए, जिसमें वित्तीय सहायता और रोजगार सहायता शामिल है। हम समझते हैं कि जो लोग चले गए हैं वे वापस नहीं आएंगे, लेकिन महाराष्ट्र सरकार प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है, यही वजह है कि यह निर्णय लिया गया है। (PM Modi on Terrorism)
एयर मिशन को नोटिस जारी
उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर राष्ट्रीय स्तर और जम्मू-कश्मीर दोनों जगह कई कदम उठाए जा रहे हैं। देशभर के लोगों को लगता है कि जवाब में कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन हर पहलू पर शांतिपूर्ण तरीके से सावधानीपूर्वक विचार किया जा रहा है। दिल्ली में प्रधानमंत्री के स्तर पर ऐसे सभी प्रयास किए जा रहे हैं। बता दें कि भारत सरकार ने हवाई और सतही मार्गों के माध्यम से पाकिस्तान से आने वाले सभी श्रेणियों के मेल और पार्सल के आदान-प्रदान को निलंबित करने का निर्णय लिया है। इससे पहले भारत ने एयर मिशन को नोटिस (NOTAM) जारी किया है और पाकिस्तान में पंजीकृत, संचालित या लीज पर लिए गए विमानों, एयरलाइनों और सैन्य उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। बता दें कि पाकिस्तानी सेना लगातार नियंत्रण रेखा के पार जम्मू-कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, पुंछ, नौशेरा और अखनूर क्षेत्रों में बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी कर रही है। भारतीय सेना के जवान संयमित और उचित तरीके से जवाब दे रहे हैं। (PM Modi on Terrorism)



