Ramgarh hill accident : रामगढ़ पहाड़ी पर बंदरों के डर से 200 फीट गहरी खाई में गिरी 12 साल की बच्ची, दो घंटे बाद सकुशल रेस्क्यू

Ramgarh hill accident : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ी पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। दर्शन के लिए आई 12 वर्षीय बालिका बंदरों से डरकर 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। दो घंटे चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह घटना न केवल प्रशासन की सतर्कता को दर्शाती है, बल्कि पर्यटन स्थल पर बुनियादी सुरक्षा सुविधाओं की कमी को भी उजागर करती है।
यह भी पढ़ें :- International Nursing Day : 36 हजार बच्चों को जीवनदान देने वाले सत्य साईं हॉस्पिटल की सेवाओं को उप मुख्यमंत्री ने सराहा
डुमरिया सूरजपुर निवासी 12 वर्षीय बाबी राजवाड़े सोमवार सुबह अपने परिजनों के साथ रामगढ़ पहाड़ी पर दर्शन के लिए पहुंची थी। राम जानकी मंदिर से चंदन कुंड की ओर जाते समय बंदरों ने उसके हाथ से थैला छीनने की कोशिश की। डर और घबराहट में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। (Ramgarh hill accident)
दो घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद बालिका को सुरक्षित निकाला
स्थानीय प्रशासन, पुलिस, ग्रामीणों और रामगढ़ सेवा समिति के सदस्यों ने दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बालिका को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू में अशोक वरकड़े, दीनानाथ यादव, सरपंच प्रदीप मरकाम, एसआई आभाष मिंज और एसडीआरएफ की टीम शामिल रही। बालिका को स्ट्रेचर पर लिटाकर 650 सीढ़ियों के सहारे नीचे लाया गया और प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी उदयपुर भेजा गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की है। (Ramgarh hill accident)
हादसे ने किया रामगढ़ पहाड़ी की अव्यवस्था को उजागर
इस हादसे ने रामगढ़ पहाड़ी की अव्यवस्था को उजागर कर दिया है। यहां की सीढ़ियां जर्जर हैं, रेलिंग की कमी है और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राजेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा सुधार के निर्देश दिए। (Ramgarh hill accident)
उल्लेखनीय है कि इससे पहले चैत्र नवरात्र के दौरान भी एक बच्ची बंदरों के कारण खाई में गिर गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रामगढ़ जैसे धार्मिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमी को उजागर किया है।



