Google Analytics —— Meta Pixel

2025 में भी ‘लाल आतंक’ पर ताबड़तोड़ प्रहार जारी, 4 महीने के अंदर छत्तीसगढ़ में 174 हार्डकोर नक्सली ढेर

CM Sai on Naxalism: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलगढ़ माने जाने वाले करेगुट्टालू पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त रूप से 21 अप्रैल से 11 मई 2025 तक चलाए गए 21 दिन के नक्सल विरोधी अभियान में कुल 31 वर्दीधारी नक्सली मारे गए हैं, जिनमें 16 महिलाएं शामिल हैं। अभियान के दौरान नक्सलियों के 216 ठिकानों और बंकरों को ध्वस्त किया गया। साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। यह अभियान छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार की ओर से संयुक्त रूप से संचालित किया गया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर 24 दिनों तक चला ऑपरेशन, 31 नक्सलियों का हुआ खात्मा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य नक्सलियों की सशस्त्र क्षमता को समाप्त कर राज्य के विकास को गति देना है। करेगुट्टालू पहाड़ी, जो छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना के मुलुगू जिले की सीमा पर स्थित है, जिसे संगठन सालों से अपनी सुरक्षित शरणस्थली के रूप में उपयोग कर रहे थे। इस 60 किलोमीटर लंबे और अत्यंत दुर्गम क्षेत्र में पीएलजीए बटालियन की टेक्निकल यूनिट समेत लगभग 300-350 माओवादी सक्रिय थे। यहां से देसी हथियार, IED और BGL शेल तैयार किए जा रहे थे। (CM Sai on Naxalism)

अभियान के दौरान नक्सलियों की 4 तकनीकी इकाइयों को भी नष्ट किया गया, जहां से 4 लेथ मशीनें, 450 नग IED, 818 BGL शेल, 899 बंडल कार्डेक्स, डेटोनेटर और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई। इसके अतिरिक्त राशन, दवाइयां और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद हुईं। लगातार 21 दिनों तक चले इस अभियान में कुल 21 मुठभेड़ हुईं। 3 शव 24 अप्रैल, 1 शव 5 मई, 22 शव 7 मई और 5 शव 8 मई को बरामद किए गए। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों के 18 जवान IED विस्फोटों में घायल हुए। हालांकि सभी जवान खतरे से बाहर हैं और उन्हें बेहतर इलाज प्रदान किया जा रहा है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान के बावजूद जवानों ने साहस और धैर्य के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया। (CM Sai on Naxalism)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर कहा कि बीजापुर जिले की करेगुट्टालू की पहाड़ी पर हमारे जवानों ने जिस शौर्य और साहस का प्रदर्शन किया है, वह नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार है। यह केवल ऑपरेशन नहीं, बल्कि भारत के तिरंगे की विजय यात्रा है। मैं सभी वीर सुरक्षाकर्मियों को हृदय से बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में यह लड़ाई नक्सलवाद की जड़ों तक पहुंच चुकी है और हम मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने में सफल होंगे। (CM Sai on Naxalism)

गौरतलब है कि 2025 के शुरुआती चार महीनों में राज्य में कुल 174 हार्डकोर नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों की मजबूत पकड़ के चलते नक्सलवादी संगठन बिखर रहे हैं और छोटे-छोटे समूहों में विभाजित हो रहे हैं। बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र और नारायणपुर के माड़ क्षेत्र में भी ऑपरेशन तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य शासन का उद्देश्य नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में आमजनों का विश्वास अर्जित करते हुए समावेशी विकास सुनिश्चित करना और समयबद्ध रूप से नक्सलवाद का समूल उन्मूलन करना है। (CM Sai on Naxalism)

Back to top button
error: Content is protected !!