जशपुर में पिता ने की 2 साल की बेटी की हत्या, पत्नी पर चरित्र शंका बनी वजह
Child Murder in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दोकड़ा चौकी क्षेत्र के ढोढ़ीबहार में पिता ने अपने दो साल की बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने चरित्र-शंका के चलते पहले पत्नी को धारदार हथियार लेकर दौड़ाया, लेकिन पत्नी भाग गई। इसके बाद आरोपी ने बरामदे में खेल रही दो साल की बेटी पर हमला कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ…वक्त आने पर दुनिया को पूरी पिक्चर दिखाएंगे: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
इधर, बेमेतरा जिले के पथर्री कला में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी विवाद के चलते एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। मामला परपोड़ी थाना क्षेत्र के पथर्री कला ग्राम पंचायत का है, जहां रहने वाले 24 साल के यशवंत वर्मा की शादी 6 महीने पहले गंडई क्षेत्र के ढाबा निवासी नंदनी वर्मा (19 साल) से हुआ था। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच रिश्ते सामान्य नहीं थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, जिसके चलते नंदनी अक्सर अपने मायके में ही रहा करती थी। (Child Murder in Jashpur)
पत्नी की हत्या के बाद की खुदकुशी
इस बीच गुरुवार शाम यशवंत अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया और शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे दोनों गांव लौट आए। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद यशवंत ने गला दबाकर नंदनी की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। कुछ घंटे बाद गांव से थोड़ी दूरी पर एक खेत में बबूल के पेड़ पर यशवंत का शव फांसी पर लटका मिला। उसने गमछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। ग्रामीणों की सूचना पर परपोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। (Child Murder in Jashpur)



