नारायणपुर नक्सली ऑपरेशन को लेकर सियासत, कांग्रेस नेताओं ने लिया श्रेय
Congress on Naxal Operation: नारायणपुर मुठभेड़ को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जवानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान 27 नक्सली मारे गए हैं और एक जवान की भी मौत हुई है। मैं इस बड़ी ऑपरेशनल सफलता के लिए सभी जवानों को बधाई देता हूं। मैं दिवंगत जवान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। जब हम सरकार में थे, तब 600 गांवों को नक्सल मुक्त बनाया गया था। हमने लोगों में विश्वास पैदा किया और उन्हें भूमि अधिकार दिए, उनके कर्ज माफ किए और यहां तक कि उन्हें उनकी जमीनें भी वापस दिलाई। अभी जो ऑपरेशन चल रहे हैं, वे बचे हुए इलाकों में हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में जारी है विजय का शंखनाद, निर्णायक मोड़ पर नक्सलवाद के खिलाफ जंग: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव ने भी नक्सल विरोधी अभियान के कामयाबी का श्रेय अपनी सरकार को दिया है। सिंहदेव ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों तक सुरक्षाबल के जवान पहुंच रहे हैं। नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की यह घेराबंदी 2020 से शुरू हुई थी। आज गृहमंत्री इस पर तब बोल रहे हैं, जब अंजाम तक पहुंच रहे हैं। गृहमंत्री 2020 में कांग्रेस सरकार में नहीं बोलते थे। टीएस सिंहदेव ने आगे कहा कि कि फसल तो बो दी, लेकिन बोने वाले का नाम नहीं लिया। फसल काटने वाले आए हैं, अपना नाम ले रहे हैं। पूर्व PCC चीफ धनेंद्र साहू ने जवानों को बधाई दी है। साथ ही सरकार पर निशाना साधा है। (Congress on Naxal Operation)
छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर 31 नक्सली हुए थे ढेर
पूर्व PCC चीफ ने कहा कि सरकार इस मामले में श्रेय लेती है, जो उचित नहीं है, जहां विफल होते हैं, वहां राहुल गांधी और कांग्रेस को दोष देते हैं, जहां सफल होते हैं, वहां सुरक्षाबलों की जगह खुद श्रेय लेते हैं। सरकार ने कर्रेगुट्टा में ढिंढोरा पीटा था कि बड़े नक्सली वहां हैं। इसका क्या हुआ। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ कामयाबी पिछली सरकार की कोशिशें का नतीजा है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में DRG के जवानों ने 27 नक्सलियों को मार गिराया है, जिसमें 1.5 करोड़ का इनामी बसवा राजू भी शामिल है। वहीं छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर स्थित कर्रेगुट्टा के पहाड़ों पर सुरक्षाबलों ने 24 दिनों तक चले ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को मार गिराया था। (Congress on Naxal Operation)



