Raipur AIIMS doctor cheated : मैट्रिमोनियल साइट के जरिए डॉक्टर से 46 लाख की ठगी, महिला ने अस्पताल खोलने का दिखाया सपना
Raipur AIIMS doctor cheated : रायपुर एम्स के एक डॉक्टर को शादी का सपना दिखाकर 46 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। डॉक्टर और एक महिला की पहचान दो महीने पहले एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी। महिला ने खुद को डॉक्टर राधिका मुखर्जी बताया और वॉट्सऐप कॉल पर बात करना शुरू किया। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी।
महिला ने डॉक्टर को भरोसे में लेकर कहा कि वह भविष्य में मिलकर अस्पताल खोलना चाहती है। इसके लिए एक ट्रेडिंग साइट ‘फॉरेक्स प्लस 500 ग्लोबल सीएस’ में निवेश करने को कहा। शुरुआत में डॉक्टर ने इनकार किया, लेकिन महिला के दबाव में आकर मान गया।
डॉक्टर ने 30 लाख रुपए बैंक से लोन लिया और करीब 16 लाख रुपए और इकट्ठा कर 3 अप्रैल से 14 मई 2025 के बीच कुल 17 बार ट्रांजैक्शन कर दिए। पैसे अलग-अलग बैंकों में ट्रांसफर किए गए, जिनकी रकम 50 हजार से 9 लाख रुपए तक थी। ट्रेडिंग साइट पर मुनाफा दिखाया गया और कुल रकम करीब 1 करोड़ रुपए दिखाई देने लगी। (Raipur AIIMS doctor cheated)
जब डॉक्टर ने मुनाफे की राशि निकालनी चाही तो साइट ने अनुमति नहीं दी। इसके बाद उसने महिला से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद आया। हालांकि महिला का वॉट्सऐप अब भी एक्टिव है। तब जाकर डॉक्टर को ठगी का एहसास हुआ। (Raipur AIIMS doctor cheated)
यह मामला रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र का है। पीड़ित डॉक्टर जैनम प्लेनेट टाटीबंध में रहते हैं और एम्स अस्पताल में कार्यरत हैं। उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रायपुर एएसपी दौलत राम पोर्ते ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस महिला की पहचान और ठगी की पूरी योजना की जांच में जुटी है। (Raipur AIIMS doctor cheated)



