Elephant herd Balodabazar : बलौदाबाजार पहुंचा हाथियों का झुंड, अर्जुनी में अकेला नर हाथी बना खतरा, 3 किसानों की फसल बर्बाद
Elephant herd Balodabazar : सारंगढ़ के जंगलों से निकला 27 हाथियों का झुंड बलौदाबाजार जिले के अर्जुनी परिक्षेत्र में पहुंच गया है। गुरुवार को जंगल में कुल 28 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई। इनमें से 27 हाथी गाताडीह के कक्ष क्रमांक 370/371 में विचरण कर रहे हैं, जबकि एक दंतैल हाथी कोठारी जंगल की ओर निकल गया है। वन विभाग को चिंता है कि यह अकेला नर हाथी आक्रामक और खतरनाक हो सकता है।
यह भी पढ़ें :- Surendra Bhagat murder judgment : CAF जवान को आजीवन कारावास: कांकेर में हेड कांस्टेबल की हत्या के मामले में कोर्ट का फैसला
यह झुंड लगभग एक साल बाद बलौदाबाजार क्षेत्र में लौटा है। हाथियों ने जंगल से सटे खेतों की ओर रुख किया और वहां फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया। ग्राम महाराजी के किसानों अशोक पैकरा, ईश्वर पैकरा और जेठू राम कर्ष की लगभग 2 एकड़ धान की फसल को हाथियों ने रौंद दिया है। वन विभाग की टीमें फायर क्रैकर्स, फ्लैशलाइट और अन्य तकनीकों का उपयोग कर झुंड को वापस जंगल की ओर मोड़ने की कोशिश कर रही हैं। (Elephant herd Balodabazar )
वन अधिकारियों के अनुसार, एक हाथी रोजाना करीब 200-300 किलो खाना और 50 लीटर पानी की जरूरत पूरी करता है। भोजन और पानी की तलाश में ही ये हाथी सारंगढ़ से यहां तक पहुंचे हैं। जंगल में पर्याप्त चारा और पानी की उपलब्धता के चलते झुंड वहीं रुका हुआ है।
वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी करवा दी है और ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे शाम के बाद घरों में ही रहें। वन विभाग और वन मित्रों की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। अकेले हाथी की ट्रैकिंग ड्रोन के माध्यम से की जा रही है। (Elephant herd Balodabazar)
विभाग का प्राथमिक उद्देश्य है कि हाथियों को मानव बस्तियों से दूर रखकर उन्हें सुरक्षित रूप से जंगल में वापस भेजा जाए, जिससे जन और धन की हानि को रोका जा सके। (Elephant herd Balodabazar)



