Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में मेदांता अस्पताल और वरुण बेवरेजेस संयंत्र की स्थापना का प्रस्ताव, मुख्यमंत्री से निवेशकों ने की मुलाकात

Investors Meet CM Sai: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य और उद्योग क्षेत्र में बड़े निवेश की दिशा में अहम कदम बढ़ते हुए नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से दो प्रमुख उद्योग समूहों ने मुलाकात की। मेदांता अस्पताल के संस्थापक और प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेश त्रेहन ने रायपुर में एक अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने बताया कि वे इस परियोजना में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश करना चाहते हैं। यह अस्पताल उन्नत चिकित्सा तकनीक, विशेषज्ञ डॉक्टरों, रिसर्च और प्रशिक्षण सुविधाओं से लैस होगा।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पूरी तरह नियंत्रण में कोविड-19, घबराने की जरूरत नहीः स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल 

वहीं वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के चेयरमैन रवि जयपुरिया ने रायपुर में कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स और फ्रूट जूस आधारित संयंत्र लगाने का प्रस्ताव दिया, जिसमें 250 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश किया जाएगा। यह परियोजना राज्य में औद्योगिक विकास के साथ-साथ रोजगार सृजन को गति देगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों प्रस्तावों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य और उद्योग जैसे क्षेत्रों में ऐसे गुणवत्तापूर्ण निवेश के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि ये दोनों परियोजनाओं पर राज्य शासन विचार कर इसे हर संभव मदद देगी। इस तरह की परियोजनाओं से जनता को लाभ और युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी सुलभ होंगे। (Investors Meet CM Sai)

इधर, छत्तीसगढ़ योग आयोग ने राज्य में योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए 41 सदस्यीय मार्गदर्शक मंडल (योग प्रचार समिति) का गठन किया है। आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के नेतृत्व में यह पहल योग को जनजागरण अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में की गई है। मार्गदर्शक मंडल की पहली बैठक राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित हुई, जिसमें पूर्व राज्यपाल रमेश बैस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा, योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है। यह वह अद्भुत चिकित्सा प्रणाली है, जो व्यक्ति स्वयं के लिए करता है। (Investors Meet CM Sai)

जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग का संदेश विश्व मंच पर रखा तो 145 देशों ने इसे अपनाया, लेकिन दुर्भाग्यवश हमारे अपने देशवासी अभी भी इसकी महत्ता को व्यापक रूप से नहीं समझ पा रहे। यह विडंबना है, जिससे मुक्ति के लिए मार्गदर्शक मंडल को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने कहा कि योग को दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना हमारा ध्येय है। मार्गदर्शक मंडल में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्वों की सहभागिता से यह अभियान राज्य के जन-जन तक पहुंचेगा। करो योग, रहो निरोग की अवधारणा को धरातल पर साकार करने के लिए यह समिति प्रतिबद्धता से कार्य करेगी। (Investors Meet CM Sai)

बैठक में ये रहे उपस्थित 

बैठक में प्रदेशभर के सांसद, विधायक, समाजसेवी, शिक्षाविद, संत, सेवानिवृत्त अधिकारी और पत्रकार शामिल हुए। जामगांव आर, पाटन, रिसाली, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, कवर्धा, अंतागढ़, चिरमिरी, धमतरी, कोरबा, चांपा, बस्तर, जगदलपुर समेत 20 से ज्यादा क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली व्यक्तियों को मार्गदर्शक मंडल में नामांकित किया गया। बैठक में योग प्रशिक्षकों की चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए नियमावली निर्माण का निर्णय लिया गया। इस कार्य के लिए तीन विशेषज्ञों आईएएस जीआर चुरेंद्र, योग में पीएचडी डॉ. सीएल सोनवानी और वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद आसकरण जैन का सर्वसम्मति से चयन किया गया। मार्गदर्शक मंडल की आगामी बैठक जशपुर में आयोजित की जाएगी, जिसमें गुजरात मॉडल, योग स्टूडियो, स्कूलों में अनिवार्य योग, योग पत्रिका, योग सप्ताह, नवाचार प्रतिस्पर्धा और सम्मान समारोह जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। (Investors Meet CM Sai)

Back to top button
error: Content is protected !!