High Court bomb threat : हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मद्रास टाइगर्स फॉर अजमल कसाब संगठन के नाम से आया ईमेल, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

High Court bomb threat : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को सोमवार को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें अदालत परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। ईमेल abdia@outlook.com से भेजा गया है, जिसमें खुद को “मद्रास टाइगर्स फॉर अजमल कसाब” नामक संगठन से संबंधित बताया गया है। ईमेल में कोर्ट परिसर में अमोनियम सल्फर आधारित IED लगाने का दावा किया गया।
धमकी के बाद हाईकोर्ट प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गए। पूरे हाईकोर्ट परिसर को खाली कराया गया और बम डिटेक्शन स्क्वॉड, स्निफर डॉग्स, और विशेष सुरक्षा दस्ते ने सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। (High Court bomb threat)
धमकी भरा ईमेल तब मिला जब गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को कोर्ट का कामकाज फिर से शुरू हुआ था। अदालत परिसर में उस समय न्यायाधीश, अधिवक्ता और पक्षकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे। ईमेल में न केवल धमकी दी गई थी, बल्कि अजमल कसाब को फांसी दिए जाने और कुछ अन्य घटनाओं का हवाला देकर इसे ‘पवित्र मिशन’ बताया गया।
पुलिस ने इस घटना की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है और साइबर एक्सपर्ट्स मेल की तकनीकी जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल भेजने वाले की लोकेशन और पहचान क्या है। (High Court bomb threat)
पूर्व में भी मिल चुकी हैं धमकियाँ
यह पहली बार नहीं है जब छत्तीसगढ़ में किसी संवेदनशील स्थान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। लगभग दो महीने पहले कवर्धा कलेक्टर कार्यालय को RDX से उड़ाने की धमकी एक ईमेल के जरिए मिली थी, जिसमें मेल जम्मू-कश्मीर से भेजा गया था। वहीं 8 महीने पहले बिलासपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट पर हैं और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। (High Court bomb threat)



