Durg PDS rice smuggling : दुर्ग में पीडीएस चावल की तस्करी जोरों पर, भाजपा नेता पर व्यापारी को दी जान से मारने की धमकी देने का आरोप

Durg PDS rice smuggling : दुर्ग जिले में पीडीएस चावल की तस्करी खुलेआम जारी है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि तस्करों ने विरोध करने वालों को धमकाना शुरू कर दिया है। छावनी थाना क्षेत्र में एक व्यापारी को चावल तस्करों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
पीड़ित व्यापारी दीपक अग्रवाल ने छावनी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर बताया कि सूरज साव नामक भाजपा नेता, जो पीडीएस चावल की तस्करी करता है, उससे चावल देने का दबाव बना रहा था। दीपक पावर हाउस जलेबी चौक के पास गल्ले की दुकान चलाता है और वहां पीडीएस चावल बेचने कई लोग आते हैं। बदले में वे अच्छी क्वालिटी का चावल लेकर जाते हैं।
यह भी पढ़ें :- IND Vs NZ T20 : 15 साल बाद रायपुर में भारत-न्यूजीलैंड T20 मुकाबला, BCCI का शेड्यूल ऐलान
दीपक के मुताबिक सूरज साव चाहता था कि वह अपने पास आए चावल उसे ही बेचे। जब दीपक ने चावल काके सरदार नाम के दूसरे व्यापारी को बेच दिया, तो सूरज ने गुस्से में अपने साथी नवीन सिंह को दीपक को धमकाने भेजा। (Durg PDS rice smuggling)
दुकान पर आकर गालियां दीं, व्यापारी एकजुट हुए
नवीन ने पहले दीपक को फोन पर गालियां दीं और फिर उसकी दुकान पर आकर सरेआम धमकियां देने लगा। उसकी इस हरकत से आसपास के व्यापारी नाराज हो गए और एकत्र होने लगे, तो नवीन मौके से भाग गया।
इसके बाद दीपक अपनी पत्नी के साथ छावनी थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने की मांग की। थाना प्रभारी मोनिका पाण्डेय ने कार्रवाई का आश्वासन तो दिया, लेकिन रातभर थाने में बैठने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। दीपक का कहना है कि वह रविवार को फिर से शिकायत दर्ज कराने जाएगा। (Durg PDS rice smuggling)
सत्ताधारी दल का नाम लेकर दी जा रही धमकी
सूरज साव का एक पुराना वीडियो भी हाल ही में वायरल हुआ था, जिसमें वह चावल से भरी गाड़ी रोके जाने पर खुलेआम कहता है कि भाजपा की सरकार है और उसे कोई नहीं रोक सकता, न कलेक्टर, न एसपी और न ही पत्रकार।
पीडीएस घोटाले से जुड़ी यह घटना जिला प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े कर रही है। पीड़ित व्यापारी को सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद है। (Durg PDS rice smuggling)



