Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh News : कुओं में मिले दो बच्चों के शव, हाथ-पैर बंधे मिलने से हत्या की आशंका

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत खम्हरिया गांव में दो बच्चों के शव अलग-अलग कुओं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों शवों के हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़े :- जब उम्मीद की डोर थमने लगी… मुख्यमंत्री बने संबल: CM की मदद बनी शालू के सपनों की सीढ़ी

गांव में फैली दहशत, चार दिन पुराने हैं शव

ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि गांव के दो अलग-अलग कुओं से दुर्गंध आ रही है। अमलेश्वर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को कुओं से बाहर निकलवाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों शव करीब चार दिन पुराने हैं। मृतकों की उम्र क्रमशः लगभग 10 वर्ष और 12 वर्ष आंकी जा रही है। हाथ-पैर बंधे होने से मामले को संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका को बल मिल रहा है।

फोरेंसिक टीम और पोस्टमॉर्टम से जुड़े तथ्य जुटाए जा रहे

पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें। फिलहाल, दोनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है।

स्थानीयों में भय का माहौल

घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई। पुलिस ने ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की है ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस का दावा: सभी पहलुओं से होगी जांच

अमलेश्वर थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन फाइनल निष्कर्ष पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। पुलिस का कहना है कि वह हर संभावित पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। (Chhattisgarh News)

Back to top button
error: Content is protected !!