ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में महाबहस तय – 28 और 29 जुलाई को 16-16 घंटे की चर्चा, PM समेत बड़े चेहरे देंगे जवाब

Operation Sindoor : संसद के मानसून सत्र में अगला सप्ताह बेहद अहम रहने वाला है। ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) पर चर्चा के लिए सरकार ने दोनों सदनों में कुल 16 घंटे का विशेष समय आवंटित किया है। लोकसभा में यह चर्चा सोमवार, 28 जुलाई से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा में मंगलवार, 29 जुलाई को इस मुद्दे पर गहन बहस की जाएगी।
यह भी पढ़े :- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृत्व को मिला सहारा, महासमुंद की 20 हजार से अधिक महिलाओं को मिला लाभ
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की आज बुधवार को हुई बैठक में इस चर्चा को लेकर आम सहमति बनी। दोनों सदनों में इस महत्वपूर्ण विषय पर सभी पक्षों को बोलने का पर्याप्त समय देने पर सहमति बनी है।
प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह के बोलने की संभावना
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बहस में हिस्सा ले सकते हैं। विपक्ष की ओर से भी यह मांग की गई है कि प्रधानमंत्री स्वयं सदन में उपस्थित रहें और ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) जैसे संवेदनशील और सामरिक मुद्दे पर राष्ट्र को संबोधित करें।
विपक्ष ने जताई नाराज़गी, ट्रंप के बयान पर उठाए सवाल
इस चर्चा की पृष्ठभूमि में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान भी चर्चा में हैं, जिसमें उन्होंने भारत-पाक के बीच युद्धविराम का श्रेय स्वयं को दिया है। इस पर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस ने कहा कि, -ट्रंप अपने दावों को अब तक 25 बार दोहरा चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी इस पर चुप हैं। उन्हें सिर्फ विदेश यात्रा और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की चिंता है।



