अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से भरी बस, 4 लोगों की मौत, 30 घायल

Accident in Bengaluru: कर्नाटक के बेंगलुरु में बड़ा हादसा हुआ है, जहां बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक बस होलालाकेरे शहर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि 30 लोग घालय हैं। पुलिस के मुताबिक घटना होलालकेरे टाउन के बाहरी इलाके में अंजनेय मंदिर के पास हुई। घायलों में 8 की हालत गंभीर है। स्थानीय लोगों ने इस इलाके में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए गलत सड़क निर्माण को जिम्मेदार ठहराया।

यह भी पढ़ें:- मैं मौज के लिए नहीं, मेहनत के लिए जन्मा हूं…मोदी की गारंटियां इंडी गठबंधन को पसंद नहीं आ रही: PM

भारत में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में पिछले साल कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में मरने वालों की संख्या 1 लाख 68 हजार 491 हो गई है और करीब 4.45 लाख लोग घायल भी हुए थे। भारत में दुर्घटनाओं की संख्या 2021 की तुलना में लगभग 12 प्रतिशत बढ़ गई है। जबकि मरने वालों की संख्या 9.4 प्रतिशत बढ़ गई है। भारतीय सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई है। 2022 में हुई लगभग 75 प्रतिशत दुर्घटनाओं का कारण यही है। (Accident in Bengaluru)

नशे में गाड़ी चलाना भी बड़ा कारण

सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के पीछे गलत दिशा में ड्राइविंग भी सबसे बड़े कारणों में से एक है, जिसका योगदान लगभग छह प्रतिशत है। नशे में गाड़ी चलाना और गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल दो अन्य बड़े कारण हैं, जो भारत में चार प्रतिशत से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में हिस्सेदार हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक बुनियादी सड़क सुरक्षा मानदंडों के उल्लंघन के कारण भी पिछले साल भारत में लगभग 70 हजार लोग मारे गए। सभी बैठने वालों के लिए अनिवार्य सीटबेल्ट नियम लागू करने के बावजूद 2022 में इसे न पहनने के कारण लगभग 17 हजार लोगों की जान चली गई। (Accident in Bengaluru)

हेलमेट ना पहनना भी कारण

वहीं हेलमेट न पहनने के कारण 50 हजार से ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों की भी मौत हो गई। इनमें से आधे से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर हुई हैं। लगभग 33 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं एक्सप्रेसवे समेत राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुई हैं, जो उच्चतम गति सीमा प्रदान करते हैं। राज्य राजमार्गों पर भी पिछले साल एक लाख से ज्यादा दुर्घटनाएं हुईं, जो भारत में सभी दुर्घटनाओं का लगभग 23 प्रतिशत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग 40 प्रतिशत दुर्घटनाएं अन्य सड़कों पर होती हैं। (Accident in Bengaluru)

Related Articles

Back to top button