छत्तीसगढ़ में हादसों का कहर, रायपुर में हाइवा की चपेट में आने से दामाद-ससुर की मौत, बिलासपुर में भी हादसा

Accident in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर तीन भीषण हादसे हुए हैं, जिसने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत गुजरा गांव में बाइक सवार दामाद और ससुर रेत से भरे हाइवा की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान दलदल सिवनी निवासी लेखराम पटेल और रीको निवासी उनके ससुर लक्ष्मण पटेल के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- गैंगरेप मामले में हाईकोर्ट का सख्त रुख, कहा- महिला की गरिमा पर हमला बर्दाश्त नहीं
बताया जा रहा है कि लेखराम पटेल ने करीब दो साल पहले कैंसर को मात दी थी, लेकिन इस हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा-पोड़ी के बीच स्थित मोड़ पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में पिकअप सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार ज्यादा थी, जिसके कारण चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। (Accident in Chhattisgarh)
बिलासपुर में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बिलासपुर के सिरगिट्टी ब्रिज के नीचे एक और दुखद घटना सामने आई है। अमरकंटक एक्सप्रेस से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर निवासी उमेश गिरी के रूप में हुई है, जो रायपुर से भोपाल की यात्रा कर रहा था। वह ट्रेन के बी-5 कोच में सवार था। सिरगिट्टी ब्रिज के पास अचानक वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस और रेलवे प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तीनों घटनाओं के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क और रेल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन लोगों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है। (Accident in Chhattisgarh)



