Google Analytics —— Meta Pixel

4 जून के बाद नौसिखिये परिवारवादी पार्टियों के शहजादे गुफाएं ढूंढते फिरेंगे: आचार्य प्रमोद कृष्णम

Acharya Pramod Krishnam: पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एक बार फिर इंडी गठबंधन के नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 4 जून को जो परिणाम आएगा वो चौंकाने वाला होगा। एग्जिट पोल से ज्यादा सीटें आएंगी। देश की जनता फिर एक बार नरेंद्र मोदी को देश के PM पद पर आसीन करेगी। 4 जून के बाद विपक्ष के जितने नौसिखिये परिवारवादी पार्टियों के शहजादे हैं, वो गुफाएं ढूंढते फिरेंगे। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि नतीजों के बाद देश की राजनीति में परिवारवाद, अहंकार, भ्रष्टाचार से काम करने वाले कांग्रेस गठबंधन एग्जिट होने वाला है और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा एक्सीलेटर पर है…और कांग्रेस गठबंधन वेंटिलेटर पर है।

यह भी पढ़ें:- लोकसभा चुनाव में हम 295 सीट जीतेंगे: कांग्रेस नेता राहुल गांधी

एग्जिट पोल पर मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 4 जून को पता लग जाएगा कि एग्जिट पोल जनता के बीच से आए हैं या भाजपा के दफ्तर से आए हैं। क्योंकि हार स्वीकार करना बहुत मुश्किल होता है और हार के बाद संभल कर बात करना बहुत मुश्किल होता है। विपक्ष के नेता एग्जिट पोल देख कर बौखला गए हैं। हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अनिल विज ने कहा कि एग्जिट पोल ट्रेंड को दिखाते हैं और वो सबने दिखा दिया है कि भाजपा की सरकार बनने जा रही है और आंकड़ा कितना है, लेकिन असली आंकड़ा हम बताएंगे जिन्होंने चुनाव लड़ा है। (Acharya Pramod Krishnam)

इस बार हम 400 पार करेंगे: अनिल विज

उन्होंने कहा कि इस बार हम 400 पार करेंगे। हम हरियाणा में भी 10 की 10 सीटें जीतेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि कल सारे एग्जिट पोल में दिख गया पूरा देश नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है। NDA 400 पार करने जा रहा है और पीएम मोदी तीसरी बार पीएम बनने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि 4 जून को मतगणना होगी। पूरे देश में NDA 400 पार करेगा और उत्तर प्रदेश में हम 80 की 80 सीटें जीतेंगे। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से सरकार बना रही है। सभी एग्जिट पोल इसी ओर इशारा कर रहे हैं कि सरकार बन रही है। (Acharya Pramod Krishnam)

4 जून के नतीजे एग्जिट पोल के अनुरूप होंगे: केंद्रीय मंत्री मेघवाल 

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रति जो आस्था है और पिछले 10 सालों में पीएम मोदी ने जो काम किया है वो 70 सालों तक किसी पीएम ने नहीं किया है। पीएम मोदी ने काम किया इसलिए पीएम मोदी को जनता का प्यार भी मिल रहा है। भाजपा नेता अपर्णा यादव ने कहा कि 4 जून को नतीजे आएंगे और भाजपा की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनने जा रही है। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने विजन के साथ और नीतिगत तरीके से काम किया है कि सबका साथ, सबका विकास…जनता समझ चुकी है कि भाजपा संविधान को बचाने का काम करती है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश की जनता ने जो मन बनाया था कि नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है, उसके अनुरूप ही एग्जिट पोल में रूझान आया है। 4 जून के नतीजे एग्जिट पोल के अनुरूप होंगे। (Acharya Pramod Krishnam)

Back to top button
error: Content is protected !!