सिक्किम में SKM की एकतरफा जीत, 32 में से 31 सीट जीती पार्टी, PM मोदी ने दी बधाई

Sikkim Assembly Result: सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं, जिसमें सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (SKM) ने एकतरफा जीत हालिस की है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में SKM ने 32 विधानसभा सीटों में से 31 सीटें जीती हैं। जबकि सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को 1 सीट मिली है। प्रदेश में 25 साल यानी 1994 से 2019 तक मुख्यमंत्री रहे पवन कुमार चामलिंग ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वे दोनों सीटों से हार गए। सिक्किम में 19 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग हुई थी, जिसके नतीजे 2 जून को जारी किए गए। बीजेपी और कांग्रेस अपना खाता खोलने में नाकाम रहे।
यह भी पढ़ें:- 4 जून के बाद नौसिखिये परिवारवादी पार्टियों के शहजादे गुफाएं ढूंढते फिरेंगे: आचार्य प्रमोद कृष्णम
बता दें कि 2019 के आम चुनावों के बाद SKM का भाजपा के साथ गठबंधन हुआ था, लेकिन इस बार चुनावों से पहले भाजपा ने गठबंधन तोड़ दिया था। वहीं सिक्किम में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। 2019 में SKM ने 32 में से 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा और CM तमांग गोले को जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हम सिक्किम सरकार के साथ मिलकर विकास के लिए काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने वोटर्स को भी धन्यवाद दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। PM मोदी ने कहा कि हम सिक्किम के विकास के लिए काम करते रहेंगे। (Sikkim Assembly Result)
शिक्षक के रूप में शुरू किया था काम
मुख्यमंत्री तमांग ने रेनॉक और सोरेंग-चाकुंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जो दोनों ही सीटों पर जीत गए हैं। उनकी पत्नी कृष्णा कुमारी राय ने नामची-सिंघीथांग विधानसभा से चुनाव लड़ा था, जिन्होंने भी जीत हासिल की है। प्रेम सिंह तमांग ने 2013 में पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ बगावत कर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा बनाया था, जिसने गठन के अगले ही साल 2014 के विधानसभा चुनावों में 10 सीटें जीती थीं। प्रेम सिंह तमांग का जन्म 5 फरवरी 1968 में हुआ था, जिन्होंने दार्जिलिंग के एक कॉलेज से बीए किया। इसके बाद एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करना शुरू किया। हालांकि वे 1994 से लगातार पांच बार सिक्किम विधानसभा के लिए चुने गए। (Sikkim Assembly Result)

2016 में जेल गए थे CM तमांग
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने 2009 तक SDF सरकार में मंत्री के रूप में कार्य किया था। जानकरी के लिए बता दें कि CM तमांग 2016 में जेल भी गए थे। उन्हें 1994 और 1999 के बीच सरकारी पैसे की हेराफेरी करने के लिए दोषी ठहराया गया था। इसके बाद विधानसभा में उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी। प्रेम सिंह राज्य के पहले ऐसे राजनेता थे, जिन्हें सजा मिलने के बाद विधानसभा से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने सिक्किम हाईकोर्ट में फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन कोर्ट ने फैसले को बरकरार रखा। 2018 में तमांग जेल से बाहर निकले तब उनके हजारों समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया था। (Sikkim Assembly Result)



