Google Analytics —— Meta Pixel

कस्टम मिलिंग में अनियमितता, 14 राइस मिल सील, 12 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जब्त

Action on Rice Mills: मुंगेली जिले में कस्टम मिलिंग के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 14 राइस मिलों को सील कर दिया है। साथ ही 12 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई राज्य आईसीसीसी से प्राप्त अलर्ट के बाद की गई, जिसमें धान परिवहन और भंडारण में गड़बड़ी के संकेत मिले थे। दरअसल, कलेक्टर, SP भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव समेत राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग राइस मिलों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग और कस्टम मिलिंग में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में 48 घंटे के अंदर 81 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता, CM साय ने कहा- बंदूक के नहीं, विकास के साथ है भविष्य

जांच में उपलेटा राइस मिल, नवागांव घुठेरा रोड स्थित नेशनल दाल मिल, पंडरिया रोड स्थित वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज और नवकार दाल उद्योग में कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी पाई गई, जहां से 12 हजार क्विंटल से ज्यादा धान जब्त किया गया।इसके अलावा नवागढ़ रोड स्थित दीपक राइस इंडस्ट्रीज और दीपक मिलिंग इंडस्ट्रीज में 198 क्विंटल से ज्यादा धान की कमी पाई गई, जबकि लोरमी रोड स्थित एसएस फूड में 1761 क्विंटल से ज्यादा धान कम पाया गया। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 19 राइस मिलों पर कार्रवाई की जा रही है। इनमें से अब तक 14 राइस मिलों को सील किया जा चुका है, जबकि शेष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है। (Action on Rice Mills)

राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों से मिलर्स की ओर से धान उठाव की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए आईसीसीसी कमांड सेंटर सक्रिय किया गया है। इसके माध्यम से धान परिवहन में लगे वाहनों की जीपीएस के जरिए रियल टाइम ट्रैकिंग की जा रही है। अगर कोई वाहन निर्धारित मार्ग से भटकता है, लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़ा रहता है या क्षमता से ज्यादा धान का परिवहन करता है तो सिस्टम में तुरंत अलर्ट जारी होता है। ऐसे मामलों की जांच जिला स्तर पर अधिकारियों की ओर से की जाती है। (Action on Rice Mills)

अवैध भंडारण और परिवहन पर सख्ती

धान के अवैध भंडारण और परिवहन को रोकने जिले की सीमाओं और चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। आंतरिक चेक पोस्टों पर भी टीमों की तैनाती की गई है। रात्रिकालीन गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए खरीदी, भंडारण और परिवहन की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!